UP Nikay Chuav: सिर्फ 15-20% वोट हासिल करके बने मेयर, पढ़िए निकाय चुनाव के चौंकाने वाले आंकड़े
UP Nikay Chuav: उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में 17 मेयर पद के लिए मतदान में मतदाताओं ने काफी कम वोटिंग की। कई मेयर महज 15-20 फीसदी वोट पाकर ही चुनाव जीत गए

UP Nikay Chunav 2023: एक बेहतर लोकतंत्र के लिए जरूरी है कि जो भी जनता का प्रतिनिधि चुना जाए उसे अधिक से अधिक जनता का समर्थन प्राप्त हो तभी उसे जनप्रतिनिधि कहा जा सकता है। लेकिन जिस तरह से उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में मतदाताओं ने वोट करने में निराशा दिखाई वह आदर्श लोकतंत्र की परिभाषा पर सवाल खड़ा करता है।
वोटिंग में फिसड्डी शहरवासी
दरअसल यूपी में 17 मेयर के चुनाव में सभी पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जीत मिली है। माना जाता है कि शहर का मतदाता जागरूक होता है, लेकिन वोटिंग के मामले में इस बार यूपी के शहरी लोग काफी फिसड्डी साबित हुए हैं।
तीन चौथाई वोटर्स ने किया वोट
प्रदेश में 15 शहरों के मेयर चुनाव की बात करें तो जिन उम्मीदवारों को जीत मिली है उन्हें सिर्फ तीन चौथाई शहर के वासियों ने वोट दिया है। प्रयागराज की बात करें तो यहां के लोगों ने सबसे ज्यादा निराश किया है। यहां तकरीबन 15 फीसदी वोटर्स ने ही शहर के मेयर को अपना वोट दिया है।
किसी को भी कुल 50 फीसदी वोट नहीं
किसी भी प्रतिनिधि की जीत में 50 फीसदी वोटर का समर्थन आदर्श माना जाता है। लेकिन 17 शहरों में हुए मेयर के चुनाव में किसी भी मेयर को यहां के 50 फीसदी वोटर्स ने अपना समर्थन नहीं दिया है।
लखनऊ का हाल
लखनऊ की बात करें तो यहां सुषमा खर्कवाल को सर्वाधिक पांच लाख से अधिक वोट मिले। लखनऊ में कुल 29.7 लाख वोटर हैं, लेकिन इसमे से सिर्फ 17.17 फीसदी मतदाताओं ने ही सुषमा को अपना वोट दिया है।
15 फीसदी ही वोटिंग
शहरी निकाय चुनाव की बात करें तो 17 शहरों में में कुल 1.90 करोड़ मतदाता थे, जिन्हें 17 मेयर और 1420 पार्षद चुनने थे। लेकिन सिर्फ 76.32 लाख वोटर्स ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसकी वजह से वो उम्मीदवार भी मेयर बन गए हैं जिन्हें कुल मतदाताओं में से सिर्फ 15 फीसदी मतदाताओं ने ही वोट किया
प्रयागराज का हाल
प्रयागराज में कुल शहरी मतदाता 15.77 लाख हैं, लेकिन मेयर पद के विजेता को सिर्फ 2.36 लाख ही वोट मिले, लेकिन इसके बाद भी वह जीत गए। झांसी नगर निगम में कुल 4.58 लाख वोटर हैं जिसमे से 2.16 वोट डालने के लिए पहुंचे, जिसमे से 1.23 लाख लोगों ने मेयर पद के प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य को अपना वोट दिया और वह जीत गए।
15.42 फीसदी वोट, फिर भी जीत
गाजियाबाद में कुल 15.42 लाख वोटर हैं, जिसमे से सिर्फ 3.50 लाख वोटर्स ने मेयर बनी सुनीता को अपना वोट दिया। गोरखपुर में सिर्फ 17.22 फीसदी लोगों ने मेयर विजेता को अपना वोट दिया।
फिरोजाबाद में 17.99 फीसदी, मुरादाबाद में 18.02 फीसदी, वाराणसी में 18.15 फीसदी, आगरा में 18.25 फीसदी, मेरठ में 18.76 फीसदी, बरेली में 19.74 फीसदी, कानपुर में 19.86 फीसदी, मथुरा में 20.18 फीसदी, अलीगढ़ में 21.51 फीसदी, अयोध्या में 23.32 फीसदी, शाहजहांपुर में 24.66 फीसदी, सहारनपुर में 25.01 फीसदी लोगों ने मेयर पद के विजेता को अपना वोट दिया।












Click it and Unblock the Notifications