UP Nikay Chunav में BJP के 'मुस्लिम कनेक्ट' से पूरा होगा मिशन 2024 में 75 प्लस सीटों का टारगेट?
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम समुदाय से कनेक्ट होने के लिए बीजेपी ने इस बार 300 से ज्यादा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसमें सबसे रोचक ये हे कि मोदी और योगी के संसदीय क्षेत्र में भी मुस्लिमों को टिकट दिया गया है।

UP News: उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान चार मई को होना है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) पिछले चुनावों में जीत के बाद स्थानीय चुनावों में नया प्रयोग कर रही है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यूपी में बीजेपी ने पहली बार यूपी नगर निकाय चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में लगभग 300 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। मुस्लिम नगर निगम में पार्षद उम्मीदवार के रूप में और नगर पालिका में चेयरमैन पद के उम्मीदवार के रूप में पार्टी के चिन्ह के तहत चुनाव लड़ रहे हैं।
मुस्लिमों को मुख्यधारा से जोड़ने का दावा कर रही बीजेपी
बीजेपी के एक नेता कहते हैं कि हकीकत में सत्ता पक्ष का ध्यान अब हाशिए पर पड़े मुस्लिम समुदाय पर है, क्योंकि बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए मिशन 80 का लक्ष्य रखा है और इसे हासिल करने के लिए समुदाय का समर्थन जरूरी है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी कहते हैं कि,
इसलिए इस बार हुए स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी ने बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के उम्मीदवारों को टिकट दिया। बीजेपी हमेशा ही सबका साथ सबका विकास के नारे के साथ चल रही है। मुस्लिम समाज में जो टिकट दिए गए हैं वो चुनाव जीतकर आएंगे और बीजेपी की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
मुस्लिम कनेक्ट के लिए यूपी में बीजेपी ने किए कई जतन
बीजेपी पिछले कई महीनों से हाशिए पर पड़े मुस्लिम समुदाय से जुड़ने की कोशिश कर रही है। इसके लिए पसमांदा संवाद सम्मेलन, पीएम मोदी के मन की बात का एक उर्दू संस्करण, ईद के दौरान एक इफ्तार पार्टी, मुस्लिम-बहुल क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद जैसी पहल शामिल है। पसमांदा समुदाय के साथ जुड़ने के लिए भाजपा के प्रयास जारी हैं। हालांकि, इस बार, पार्टी ने नगरपालिका चुनावों में लगभग 300 मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर और विपक्ष को चुनौती देकर मुसलमानों के प्रति उदासीन होने के टैग को हटाने की कोशिश कर रही है।
मोदी और योगी के गढ़ में भी मुस्लिमों को दिया टिकट
पार्टी ने प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, झांसी, आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा नगर निगमों से मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी बीजेपी ने नगर निगम के चार वार्डों में मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर में पार्षद पद के लिए मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है। झांसी, आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा नगर निगम में पार्षद पद के लिए भी अल्पसंख्यक समुदाय के प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।
मुसलमानों की बेहतरी के लिए सोच रही बीजेपी
मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देने के भाजपा के कदम पर टिप्पणी करते हुए, यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी कहते हैं कि,
पार्टी ने पहली बार लगभग 300 मुस्लिमों को टिकट दिया था, जिनमें हाशिये पर रहने वाले लोग भी शामिल हैं। उन्हें पार्षदों और नगरपालिका समिति के उम्मीदवारों के रूप में मैदान में उतारा गया है। पार्टी का मानना है कि मुसलमानों को मुख्यधारा में लाने के लिए राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए और यह फैसला पहले ही कर लिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications