UP News: Lucknow Mayor सीट पर 13 महिलाओं ने ठोंका दावा, जानिए किनके बीच है मुकाबला
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की मेयर सीट सबसे हाइ प्रोफाइल सीट मानी जाती है। इस सीट पर पिछले ढाई दशकों से बीजेपी ही जीतती चली आ रही है। लेकिन इस बार इस सीट पर रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

UP Nikay Chunav 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 4 मई को निकाय चुनाव के तहत मतदान होगा। इस बार लखनऊ की मेयर सीट पर 13 महिला उम्मीदवारों ने दावा ठोंका है। लखनऊ से लगातार दूसरी बार एक महिला महापौर बनेगी। हालांकि इस बार मुकाबला पिछली बार की अपेक्षा ज्यादा कड़ा है क्योंकि बीजेपी को टक्कर देने के लिए इस बार सपा, कांग्रेस और बसपा के साथ ही उसके सहयोगी दल के उम्मीदवार भी उसके सामने खड़े हैं।
13 उम्मीदवारों ने ठोंका दावा
Lucknow Mayor की कुर्सी के लिए कुल मिलाकर 13 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। अपने पति के साथ वृंदावन कॉलोनी में रहने वाली दो बच्चों की मां खरकवाल ने निवर्तमान महापौर की प्रशंसा की और कहा कि वह उनकी विरासत को आगे ले जाएंगी। खर्कवाल ने कहा कि , "मेरा प्रयास लखनऊ को दुनिया के सबसे अच्छे शहरों में से एक बनाना होगा। शहर के सभी बाजारों में महिलाओं के लिए विशेष शौचालय होंगे। मेरा जोर महिलाओं के लिए बेहतर साफ-सफाई और सुरक्षित सड़कों पर रहेगा।
आप जीती तो हाउस टैक्स माफ, कांग्रेंस देगी अच्छी सड़कें
AAP की उम्मीदवार अंजू भट्ट ने कहा कि शहर में सड़कों, नालों और सीवरों की स्थिति खराब हो रही है। यहां तक कि नगर निगम "भ्रष्टाचार का अड्डा" बन गया है। उन्होंने कहा, "अगर मैं निर्वाचित होती हूं, तो हाउस टैक्स माफ कर दिया जाएगा और जल कर पर 50 फीसदी की छूट दी जाएगी। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की संगीता जायसवाल कहती हैं, स्वच्छता सूचकांक में शहर की रैंक गिर गई है और उनका प्रयास इसे सबसे स्वच्छ शहरों में से एक बनाने का होगा। लखनऊ की सड़कें गंदी हैं। यहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट फेल हो गया है। अगर मैं मेयर चुनी जाती हूं, तो मैं इसे सबसे स्वच्छ शहरों में से एक में बदल दूंगी और यहां का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
बीजेपी की तरफ से सुषमा खर्कवाल ने भरा पर्चा
गौरतलब है कि लखनऊ मेयर सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ से सुषमा खर्कवाल ने सोमवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व मेयर दिनेश शर्मा और सांसद कौशल किशोर की उपस्थिति में अपना पर्चा दाखिल किया था। इसी तरह आम आदमी पार्टी (AAP) की अंजू भट्ट और कांग्रेस की संगीता जायसवाल ने भी अपना पर्चा दाखिल किया।
SBSP, SP और BSP की भी दावेदारी
वहीं BJP की सहयोगी पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) से अलका पांडे, लोकदल से मधु सेन, गांधीवादी पीपुल्स पार्टी से उषा त्रिपाठी, और मिथिलेश सिंह, मंजू दोहरे, नलिनी खन्ना और लक्ष्मी कुशवाहा जैसे निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में उतरे। इस बीच, बहुजन समाज पार्टी (BSP) से शाहीन बानो, समाजवादी पार्टी (SP) से वंदना मिश्रा और आशा मिश्रा (निर्दलीय) ने रविवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
लखनऊ के 110 वार्डों के लिए 983 उम्मीदवार मैदान में
नामांकन के अंतिम दिन करीब 200 पुलिसकर्मी लखनऊ नगर निगम कार्यालय के चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए थे। मीडियाकर्मियों को भी भारी बैरिकेडिंग वाले स्थल पर प्रवेश नहीं दिया गया। लखनऊ नगर निगम में 110 वार्डों के लिए कुल 983 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है। इस बीच, शहर की 10 नगर पंचायतों में चेयरमैन पदों के लिए 106 नामांकन दाखिल किए गए जबकि 706 अन्य इन निकायों के सदस्य बनने के लिए चुनाव लड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications