'सरकार ने यहां के लोगों के साथ अन्याय किया उन्हे उजाड़ दिया मैं यहां की जनता का..', अयोध्या पर बोले अखिलेश
Akhilesh Yadav News Ayodhya Uttar Pradesh: लोकसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक सीटें पाई हैं। ऐसे में अयोध्या सीट पर बीजेपी प्रत्याशी लल्लू सिंह का हार जाना चर्चा का विषय है। यहां से बीजेपी प्रत्याशी के हारने के बाद सोशल मीडिया पर अयोध्या के रहने वालों को लेकर कई कमेंट देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अयोध्यावासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सच्चाई तो ये है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में और सीट हार जाती। अयोध्या की जनता का मैं धन्यवाद करता हूं। आप सभी ने वहां की जनता का दु:ख दर्द देखा होगा। सरकार ने यहां के लोगों के साथ अन्याय किया। मुआवजा नहीं दिया। उनकी जमीन ले ली। सौ- सौ साल से रह रहे लोगों को उजाड़ दिया। इसलिए जनता ने यह कदम उठाया है।

रामनगरी अयोध्या की फैजाबाद लोकसभा सीट पर बीजेपी की करारी हार हुई. इस सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने 54,567 वोटों से जीत दर्ज की। अवधेश प्रसाद को 5,54,289 वोट मिले तो वहीं बीजेपी प्रत्याशी लल्लू सिंह को 4,99,722 वोट मिले। तीसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी सच्चिदानंद पांडे रहे। उन्हें 46,407 वोट मिले। अवधेश प्रसाद पुराने समाजवादी नेता हैं और अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा से विधायक भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications