UP News: सेल्फी ने ले ली जान! पिकनिक मनाने मिर्जापुर गए जौनपुर के दो युवकों की कुशियरा फाल में डूबकर मौत
UP News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में स्थित कुशियरा फाल में स्नान करते समय दो युवक डूब गए। डूबने के चलते दोनों युवकों के मौत हो गई। दोनों युवक जौनपुर जनपद के रहने वाले थे और अपने दोस्तों के साथ मिर्जापुर में पिकनिक मनाने के लिए आए थे।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के समेत कुल आठ युवक मिर्जापुर जनपद में पिकनिक मनाने के लिए आए थे। इसमें जौनपुर जनपद के चौकिया थाना क्षेत्र के चकियापुर पोस्ट, लाइन बाजार निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार और 23 वर्षीय विशाल सोनकर सहित उनके छह दोस्त भी साथ थे।

सभी दोस्त मिर्जापुर जनपद के कुशियरा फाल के समीप पहुंचे और फिर जलप्रपात में स्नान करने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि स्नान करते समय दीपक और विशाल सेल्फी लेने के चक्कर में गहरे पानी में चले गए।
गहरे पानी में जाने के बाद अचानक दोनों डूबने लगे। आसपास मौजूद उनके दोस्त शोर मचाने लगे, हालांकि इस दौरान उन्हें बचाया नहीं जा सका और देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को खोजने के लिए लगाया गया।
काफी खोजबीन के बाद भी रात तक दोनों को बरामद नहीं किया जा सका। उसके बाद सुबह करीब 6:00 बजे दीपक का शव जलप्रपात में उतराया मिला। बाद में गोताखोरों ने काफी खोजने के बाद विशाल का शव भी बरामद कर लिया।
इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन भी मिर्जापुर पहुंच गए थे। घटना से परियों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दोनों की डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम करने के बाद आज उनका शव घर पहुंचा तो वहां भी चीख पुकार मच गई।
साथ में पिकनिक मनाने के लिए गए युवकों का कहना है कि उन दोनों को मना किया गया लेकिन सेल्फी के चक्कर में दोनों गहरे पानी में चले गए। पानी में बहाव था और देखते ही देखते दोनों पल भर में पानी में समा गए।












Click it and Unblock the Notifications