UP News: ड्रोन जैसी उड़ती लाइटों का खुला राज, LED लगे कबूतर बरामद, शोएब और शाकिब को पुलिस ने पकड़ा
UP News: मुजफ्फरनगर में बीते कई दिनों से रात के समय आसमान में रहस्यमय लाल और हरी रोशनी दिखाई दे रही थी। इससे इलाके में अफवाहों और डर का माहौल बन गया था। लोगों ने इसे जासूसी ड्रोन मानकर पुलिस को सूचित किया।
मंगलवार देर रात ककरौली थाना क्षेत्र में फिर कुछ चमकती लाइटें देखी गईं। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस हरकत में आई और रात के अंधेरे में खेतों और जंगलों में लाइट का पीछा करते हुए पहुंच गई।

आगे जो कुछ दिखाई दिया, उसने सभी को चौंका दिया। आसमान में उड़ रहे दो कबूतरों के शरीर से लाल और हरी एलईडी लाइटें चमक रही थीं। पुलिस ने सतर्कता से दोनों कबूतरों को पकड़ लिया और जांच शुरू की।
युवकों ने खुद कबूतरों पर लगाईं लाइटें
जांच में सामने आया कि शोएब और शाकिब नामक दो युवक इस करतूत के पीछे हैं। दोनों कबूतर उड़ाने का शौक रखते हैं और उन्होंने कबूतरों पर बैटरी से जुड़ी एलईडी लाइटें बांधकर उन्हें रात में उड़ाया।
पूछताछ में पता चला कि उनका मकसद लोगों के बीच भ्रम और दहशत फैलाना था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लाइट्स दिल्ली से मंगवाई गई थीं और उन्हें तारों व बैटरी से जोड़कर कबूतरों के पैरों व गर्दन पर बांध दिए थे।
लोगों को डरता देख, होते थे खुश
पुलिस के अनुसार यह कोई एक रात की हरकत नहीं थी। युवक कई दिनों से ऐसा कर रहे थे। जब उनसे पूछा गया तो बोले कि लोग पहले से ही डर रहे थे ऐसे में हमने सोचा क्यों न उस डर को थोड़ा बढ़ा दें और आनंद लें।
फिलहाल, मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों से कबूतर, एक पिंजरा, बैटरी, वायरिंग सामग्री और एलईडी लाइट्स जब्त की हैं। पूछताछ के दौरान कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ IPC की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम भी दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications