UP News: बिहार में अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी ओम प्रकाश राजभर की SBSP, जानिए क्या है प्लानिंग
उत्तर प्रदेश में एसबीएसपी पार्टी के चीफ ओम प्रकाश राजभर ने अब बिहार में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी का दावा है कि वह बिहार में भी कुछ लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है।
Suheldev Bhartiya Samaj Party: उत्तर प्रदेश में घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मिली हार से आहत सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अब यूपी से बाहर अपने प्रसार की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए अब राजभर ने पड़ोसी राज्य बिहार में अपनी पार्टी की गतिविधियों को और तेज कर दिया है। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में अब राजभर की पार्टी बिहार के कुछ लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।

हाल ही में एसबीएसपी ने बिहार के नवादा जिले में एक रैली का आयोजन किया जहां समाज के वंचित वर्ग के लोगों को एकजुट किया गया। एसबीएसपी 16 और 19 सितंबर को गया और भोजपुर में इसी तरह की रैलियां आयोजित करेगा। 10 अक्टूबर को वह बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में एक बड़ी जनसभा करेंगे।
राजभर ने भाजपा पर दबाव बढ़ाने के स्पष्ट उद्देश्य से यह दावा किया है कि उनकी पार्टी बिहार में दो लोकसभा सीटों पर भी चुनाव लड़ेगी। एसबीएसपी ने बिहार में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं और अब तक पार्टी 26 जिलों में राजनीतिक रैलियां आयोजित कर चुकी है। राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी एनडीए के साथ मिलकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनौती देगी।
ओम प्रकाश राजभर को हालांकि यूपी में हुए उपचुनाव में करारा झटका लगा है। बीजेपी अंदरखाने यह आरोप लगा रही है कि मऊ जिले की घोसी सीट पर एसबीएसपी अपना वोट नहीं ट्रांसफर करवा सकी। हालांकि इस हार को लेकर दोनों ही दलों ने डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू कर दी है लेकिन इस बीच एसबीएसपी ने बिहार में चुनाव लड़ने का ऐलान कर सियासी पारा गरम कर दिया है।
इस कवायद को लेकर एसबीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर कहते हैं कि रैली का आयोजन किया जाएगा लेकिन अभी इसमें कितनों दलों के नेता पहुंचेंगे यह कुछ नहीं बता सकते। लेकिन पार्टी बड़ी रैली का आयोजन करेगी।












Click it and Unblock the Notifications