UP News: चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की मौत, अखिलेश यादव ने कहा- तुरंत 5-5 करोड़ रुपए मुआवजा घोषित करें
UP News: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान सातवें और अंतिम चरण के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों शुक्रवार को रवाना हो रही थीं। इसी दौरान भीषण गर्मी के चलते कई जनपद में कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर लोकसभा सीट पर पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान भीषण गर्मी के चलते 6 होमगार्ड समेत चुनाव ड्यूटी में लगे 12 लोगों की मौत हो गई। मौत होने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा मुआवजा घोषित करने की मांग की गई है।

अखिलेश यादव ने इसे लेकर शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया साइट एक्स पर मैसेज पोस्ट किया और सवाल उठाया। मैसेज में अखिलेश यादव ने लिखा है कि "मिर्ज़ापुर में पोलिंग पार्टियों के 7 कर्मियों की मौत की ख़बर बेहद दुखद है। सरकार अपना मौन तोड़े और बदइंतज़ामी की वजह से जिनके परिवार उजड़ गये हैं, उनको भावनात्मक राहत देने के लिए आगे आए।
सरकार 5 होमगार्ड, सीएमओ कार्यालय के 1 लिपिक और 1 सफ़ाईकर्मी के परिवार के लिए तुरंत 5-5 करोड़ का मुआवज़ा घोषित करे और जो अन्य कर्मी गर्मी के कारण बीमार पड़ गये हैं उन सभी लोगों को अच्छे-से-अच्छा उपचार उपलब्ध कराए।
इस सरकार में कर्मचारियों के जीवन का कोई मोल नहीं है। न उनको सही समय पर पे कमीशन के रिक्मंडेशन के हिसाब से वेतन मिल पा रहा है, न पुरानी पेंशन का लाभ। कर्मचारियों को अनावश्यक कामों में उलझाकर भी उन्हें तनावग्रस्त जीवन जीने के लिए मजबूर किया जा रहा है और सरकार के भ्रष्टाचार का ठीकरा भी उन्हीं कर्मियों और अधिकारियों के सर मढ़ा जा रहा है।
13 लोकसभा सीटों पर होगा मतदान
आखरी और सातवें चरण में उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल की 13 लोकसभा सीटों पर शनिवार को मतदान होगा इसमें महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज आदि लोकसभा सीटें शामिल हैं।
वाराणसी से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव लड़ रहे हैं, उनके सामने इंडिया गठबंधन से अजय राय हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर से फिल्म अभिनेता रवि किशन और रवि किशन के सामने इंडिया गठबंधन द्वारा काजल निषाद को उतारा गया है।
मिर्जापुर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल चुनाव लड़ रहे हैं उनके सामने इंडिया गठबंधन ने भाजपा सांसद डॉ रमेश बिंद को टिकट दिया है। इसी तरह चंदौली लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं और उनके सामने इंडिया गठबंधन ने वीरेंद्र सिंह को टिकट दिया है।












Click it and Unblock the Notifications