UP News: CM योगी ने वन ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की समीक्षा की
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को योजना भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डाॅलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विगत साढ़े 06 वर्षों के नियोजित प्रयासों से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था आज सर्वश्रेष्ठ स्थिति में है।

योगी ने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में प्रदेश की कुल जी0डी0पी0 16.45 लाख करोड़ रुपये थी, जो वित्तीयवर्ष 2022-23 में 22.58 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। राष्ट्रीय आय में उत्तर प्रदेश 9.2 प्रतिशत का योगदान कर रहा है। उत्तर प्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन रहा है।
प्रदेश सरकार के प्रयासों से राज्य की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर के राष्ट्रीय मानकों में अच्छे परिणाम मिले हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 में प्रचलित भावों पर उत्तर प्रदेश की वृद्धि दर 20.1 प्रतिशत रही, जबकि देश की विकास दर 18.4 प्रतिशत रही। जबकि स्थायी भावों पर राष्ट्रीय वृद्धि दर 9.1 प्रतिशत रही, जबकि प्रदेश में 9.8 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज की गई।
इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2022-23 में स्थायी भावों पर राष्ट्रीय वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रही, जबकि प्रदेश में 9.8 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज की गई और प्रचलित भावों पर प्रदेश की वृद्धि दर 14.3 प्रतिशत रही।
योगी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रदेश की जी0डी0पी0 25.55 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने के अनुमान हैं। वर्ष 2027 तक प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी विभागों को अपने प्रयास तेज करने होंगे। अपने कार्यों की और बेहतर प्लानिंग करनी होंगी। हमारी नीयत साफ है, लक्ष्य स्पष्ट है। सभी को मिलकर, सही नीति और नियोजित क्रियान्वयन के लिए प्रयास करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के द्वारा सिंचाई का रकबा बढ़ाने के प्रयासों से किसानों की खेती की लागत कम हुई है और आय में बढ़ोतरी हुई है। लगभग 23 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सहज सुविधा मिली है। चीनी मिलों का आधुनिकीकरण हुआ है। शुगर कॉम्प्लेक्स बन रहे हैं। आज गन्ना उत्पादन में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है।
यह भी पढ़ें-UP News: मायावती के जन्मदिन पर "नमो एप" की तर्ज पर "बहनजी" एप लांच करेगी BSP


Click it and Unblock the Notifications
