UP News: सीएम योगी ने बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, जानिए क्या बोले मुख्यमंत्री
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वधर्म और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्षरत रहे बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है।
सीएम योगी ने ट्वीट कर लिखा कि 'जनजातीय गौरव, 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा ने देश की जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और स्वतंत्रता के लिए माँ भारती की सेवा में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। स्वधर्म व मातृभूमि की रक्षा हेतु सतत संघर्षरत रहे भगवान बिरसा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि !'

आपको बता दें कि बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को मुंडा जनजाति में हुआ था। उन्होंने न केवल देश की आजादी में योगदान दिया था। बल्कि उन्होंने आदिवासी समुदाय के उत्थान के लिए भी कई काम किए थे। भले ही बिरसा मुंडा बेहद कम उम्र में शहीद हो गए थे। लेकिन उनके साहसिक कामों के कारण वह आज भी अमर है। बिरसा मुंडा ने बहुत कम आयु में अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह का बिल्कुल बजा दिया था।
बिरसा मुंडा की शुरुआती शिक्षा सलगा से हुई थी। लेकिन उन्हें जर्मन मिशन स्कूल भेज दिया गया था। जहां वह ईसाई बनकर बिरसा डेविड हो गए थे। पढ़ाई करने के बीच उन्हें ब्रिटिशों द्वारा धर्मांतरण कराए जाने का पूरा खेल समझ आ गया था। जिसकी वजह से उन्होंने स्कूल छोड़ दिया और साथ ही ईसाई धर्म का त्याग भी कर दिया। ईसाई धर्म छोड़ने के बाद उन्होंने अपना नया धर्म बिरसैत शुरू किया था। देखते ही देखते मुंडा और उराँव जनजाति के लोग उनके धर्म को मानने लगे और बिरसा मुंडा को भगवान माना गया।
बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ कई लड़ाइयां लड़ी। फिरंगी उनके खौफजदा रहते थे। बिरसा मुंडा को 3 मार्च साल 1900 में गिरफ्तार कर लिया गया था। जेल में उन्हें काफी प्रताड़ना दी गई थी। इस दौरान 9 जून 1900 को सुबह 9 बजे बिरसा मुंडा ने दम तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वधर्म और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्षरत रहे बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।












Click it and Unblock the Notifications