UP News: सीएम योगी ने की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें
Yogi Adityanath News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मुलाकात ने एक बार फिर यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों को हवा दे दी है। ऐसा माना जा रहा है कि यूपी में जल्द की मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। बताया जा रहा है कि मंत्री पद के इच्छुक माने जाने वालों में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर भी शामिल हैं।

सीएम योगी ने 9 नवंबर को अयोध्या में राज्य कैबिनेट की बैठक आयोजित करने के अपने फैसले पर भी चर्चा की होगी। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्यपाल को 'वेद रहस्य' पुस्तक भेंट की।
इससे पहले दिवाली के आसपास या उसके बाद अपने मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना की चर्चा गरम हो गई थी। लेकिन उस समय ऐसा कुछ नहीं हुआ। अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की।
जिन लोगों को मंत्री पद का आकांक्षी माना जा रहा है उनमें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान शामिल हैं जो समाजवादी पार्टी के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गए।
फिलहाल, 60 सदस्यों की स्वीकृत संख्या वाली मंत्रिपरिषद में आठ पद खाली हैं। हालांकि एक आधिकारिक प्रवक्ता ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया, लेकिन ऐसे संकेत हैं कि सीएम और राज्यपाल ने 11 नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications