UP Homeguard Exam: सेंटर पहुंचने की टेंशन खत्म! गोरखपुर-ऐशबाग के बीच आज से स्पेशल ट्रेन, चेक करें शेड्यूल
UP Homeguard Exam: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे (NER) ने लखनऊ के ऐशबाग और गोरखपुर के बीच 'अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन' चलाने का फैसला किया है।
यह स्पेशल ट्रेन 25, 26 और 27 अप्रैल को चलेगी, जिससे हजारों परीक्षार्थियों का सफर आसान हो जाएगा। आइए जानतें हैं रेलवे की इस नई व्यवस्था से अभ्यर्थियों को कैसे लाभ मिलेगा?

ऐशबाग-गोरखपुर स्पेशल: समय और स्टॉपेज
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, स्पेशल ट्रेन संख्या 05050 ऐशबाग से गोरखपुर के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन रात 8:45 बजे ऐशबाग से चलेगी। इसके प्रमुख स्टेशनों पर पहुंचने का समय कुछ इस प्रकार है:
- बादशाह नगर: रात 9:18 बजे
- बाराबंकी: रात 10:03 बजे
- गोंडा: रात 11:50 बजे
- बस्ती: रात 1:40 बजे
- गोरखपुर: तड़के 3:30 बजे (यात्रा समाप्त)
वापसी का शेड्यूल: गोरखपुर से ऐशबाग
वापसी के लिए गाड़ी संख्या 05049 गोरखपुर से ऐशबाग के लिए 26 और 27 अप्रैल को चलाई जाएगी। यह ट्रेन सुबह 4:55 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी।
वापसी का समय:
- बस्ती: सुबह 6:03 बजे
- गोंडा: सुबह 7:20 बजे
- बाराबंकी: सुबह 9:00 बजे
- बादशाह नगर: सुबह 9:36 बजे
- ऐशबाग जंक्शन: सुबह 10:20 बजे
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और बायोमीट्रिक हाजिरी
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं, भर्ती परीक्षा में किसी भी तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए प्रशासन ने बेहद सख्त नियम बनाए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की आधार आधारित केवाईसी (KYC) और बायोमीट्रिक हाजिरी अनिवार्य की गई है। लखनऊ मंडल परिवहन व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अतिरिक्त कोच जोड़े जा सकें।
उत्तर प्रदेश के 1,053 केंद्रों पर परीक्षा
उत्तर प्रदेश में आज से 27 अप्रैल तक चलने वाली 'होमगार्ड एनरोलमेंट-2025' की लिखित परीक्षा को लेकर योगी सरकार ने सुरक्षा के ऐसे कड़े इंतजाम किए हैं कि परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। प्रदेश के 1,053 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 25 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर भर्ती को पूरी तरह पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए मल्टी-लेयर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।
KYC और बायोमीट्रिक से होगी एंट्री
प्रशासन ने फर्जी अभ्यर्थियों (मुन्नाभाई) को पकड़ने के लिए तकनीक का सहारा लिया है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले हर अभ्यर्थी की आधार आधारित ई-केवाईसी (e-KYC) और आईरिस बायोमीट्रिक (आंखों की स्कैनिंग) अनिवार्य की गई है।
- सघन तलाशी: हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर से हर अभ्यर्थी की स्क्रीनिंग होगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा अलग से तलाशी की व्यवस्था है।
- क्या ले जा सकते हैं: अभ्यर्थी केवल प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और नीला या काला पेन ही साथ रख सकते हैं। मोबाइल, ब्लूटूथ या घड़ी पूरी तरह प्रतिबंधित है।
पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों पर FIR
परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले लखनऊ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टेलीग्राम पर 'Exam Paper Wallah' नामक चैनल बनाकर पेपर लीक का झूठा दावा करने और अभ्यर्थियों से पैसे ठगने की कोशिश करने वालों के खिलाफ हजरतगंज (हुसैनगंज) थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस इन जालसाजों को ट्रेस कर रही है और सख्त चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
डबल-लॉक सिस्टम में कैद हैं प्रश्न पत्र
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्न पत्रों को ट्रेजरी (खजाने) के डबल-लॉक सिस्टम में रखा गया है।स्ट्रॉन्ग रूम में 24 घंटे बिजली, इंटरनेट और फायर सेफ्टी के साथ सीसीटीवी से निगरानी हो रही है। हर जिले में एडिशनल एसपी रैंक के नोडल अधिकारी और हर 240 अभ्यर्थियों पर एक इंस्पेक्टर या सब- इंस्पेक्टर तैनात किया गया है।
UP होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 शेड्यूल
- परीक्षा की तारीखें: 25, 26 और 27 अप्रैल 2026
- कुल पद: 41,424 (होमगार्ड स्वयंसेवक)
परीक्षा की पालियां (Shifts):
- प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- द्वितीय पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
- कुल अभ्यर्थी: लगभग 25.32 लाख
- परीक्षा केंद्र: प्रदेश भर में 1,053 केंद्र बनाए गए हैं।














Click it and Unblock the Notifications