UP में होली खेलने से पहले पढ़ लें DGP का कड़ा संदेश, वरना फीकी पड़ सकती है त्योहार की रंगत!
UP Holi Guidelines 2026: उत्तर प्रदेश में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है, साथ ही अराजक तत्वों को कड़ा अल्टीमेटम भी दिया है।
DGP राजीव कृष्ण ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है ताकि आम जनता बिना किसी डर के उमंग के साथ त्योहार मना सके।

डीजीपी ने जनता से विशेष अपील करते हुए कहा कि:
- केवल प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों का ही प्रयोग करें।
- किसी भी व्यक्ति की इच्छा के विरुद्ध उसे रंग न लगाएं।
- त्योहार के उत्साह में यातायात नियमों का उल्लंघन न करें; लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सीएम योगी का 'न्यू इंडिया' संदेश और अपील
गोरखपुर में आयोजित 'भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा' के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज दुनिया के कई देशों में अशांति है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित और प्रगतिशील है। उन्होंने कहा कि 'नए भारत' में सभी वर्गों के लिए उत्सव के समान अवसर हैं।
होली को लेकर मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि, होली के दौरान अश्लील या आपत्तिजनक गाने न बजाए जाएं, क्योंकि इससे त्योहार की गरिमा कम होती है। होलिका दहन के समय यह सुनिश्चित करें कि किसी की निजी या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचे। किसी पर भी जबरन रंग न डालें।
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 2014 से पहले यूपी में त्योहारों के वक्त कर्फ्यू जैसा माहौल रहता था, लेकिन आज सुरक्षा और विश्वास का वातावरण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।












Click it and Unblock the Notifications