यूपी: सोमवार से खुले स्टेडियम, मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल और जिम, स्वीमिंग पूल फिलहाल रहेंगे बंद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार कमी हो रही है। रविवार को 128 नए संक्रमित मरीज मिले जबकि एक की मौत हुई। योगी सरकार अब धीरे-धीरे बाजारों समेत अन्य सार्वजनिक जगहों को भी खोल रही है। इसी क्रम में सोमवार से जिम, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स और स्टेडियम भी खुल गए हैं। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि फिलहाल स्वीमिंग पूल को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। जिन सार्वजनिक जगहों को खोले गए हैं वहां कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।

योगी सरकार के आदेश के मुताबिक, सोमवार से जिम, मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल और स्टेडियम सोमवार से शुक्रवार तक खुलेंगे। कंटेनमेंट जोन में अभी इन सब जगहों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। जिन जगहों को खोला गया है, उसके मेन गेट पर कोविड हेल्प डेस्क बनाया जाएगा जहां ऑक्सीमीटर, इंफ्रारेड थर्मामीटर और सेनेटाइजर की व्यवस्था रहेगी। कोविड प्रोटोकॉल के तहत जितनी भी सावधानियां हैं, जैसे मास्क, दो गज की दूरी, इन सबका पालन करना होगा। फिलहाल स्वीमिंग पूल बंद रहेंगे।

सोमवार को प्रयागराज का मदन मोहन मालवीय स्टेडियम भी खोला गया जहां खिलाड़ी व्यायाम और अभ्यास करते दिखे। स्टेडियम के उप क्रीड़ाधिकारी ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से खिलाड़ियों को दिक्कत हुई है जिससे उनका प्रदर्शन खराब हुआ है।
पिछले महीने 21 जून को योगी सरकार ने 50 प्रतिशत क्षमता के साथ रेस्टोरेंट और मॉल को खोलने की अनुमति दी थी। 21 जून से ही पार्क को भी खोला गया था और स्ट्रीट फूड संचालन की भी इजाजत दी गई थी। सरकारी ऑफिसों में योगी सरकार ने 100 प्रतिशत उपस्थिति का नियम लागू कर दिया है। इन सभी जगहों पर कोविड हेल्प डेस्क के साथ कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना सरकार ने अनिवार्य किया है।












Click it and Unblock the Notifications