UP सरकार ने तीन जेल अधीक्षकों को किया निलंबित, जानिए क्यों उठाया ये कदम
उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी में बरेली, बांदा और नैनी सेंट्रल जेल के तीन अधीक्षकों को निलंबित करने का आदेश मंगलवार देर शाम को जारी कर दिया।

Mukhtar Ansari: उत्तर प्रदेश के पूर्व बाहुबली विधायक माफिया के बेटे विधायक अब्बास अंसारी को विशेष लाभ पहुंचाने के आरोप में चित्रकूट जेल के पांच अधिकारियों की गिरफ्तारी के एक महीने बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बरेली सेंट्रल जेल, नैनी सेंट्रल जेल और बांदा जिला जेल के अधीक्षकों को ढिलाई के आरोप में निलंबित कर दिया। इस बीच, प्रमुख सचिव कारागार राजेश कुमार सिंह ने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी बंदी को विशेष सुविधा नहीं दी जाए।
तीन जेलों के जेल अधीक्षकों पर हुई कार्रवाई
निलंबित होने वालों में बांदा जेल अधीक्षक अविनाश गौतम, नैनी के वरिष्ठ जेल अधीक्षक शशिकांत सिंह और बरेली के अधीक्षक राजीव शुक्ला शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि कार्रवाई1 अप्रैल को तीन जेलों के औचक निरीक्षण का परिणाम है, जिस दौरान बैरकों से कुछ आपत्तिजनक चीजें बरामद किए हुई थीं।
तीनों जेलों में मिली थी संदिग्ध चीजें
जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि नैनी जेल में प्रयागराज के डीएम संजय कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सिगरेट लाइटर, चम्मच और अन्य प्रतिबंधित सामान जैसी आपत्तिजनक चीजें मिलीं थीं। इसी तरह के आपत्तिजनक सामान बरेली और बांदा जेल में भी मिले हैं।
बरेली जेल में हत्या की साजिश रचने का आरोप
गौरतलब है कि गैंगस्टर से राजनेता बने अतीक अहमद के भाई और पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ और उनके सहयोगियों के बीच अवैध रूप से मुलाकात कराने के आरोप में जेलर और डिप्टी जेलर सहित बरेली सेंट्रल जेल के चार अन्य कर्मियों को लगभग एक पखवाड़े पहले निलंबित कर दिया गया था। आरोप यह भी है कि 2005 में बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या की साजिश बरेली जेल में रची गई थी।
सख्त हुआ जेल प्रशासन
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वर्तमान में बांदा जेल पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जहां माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी बंद है। अधिकारियों ने कहा कि बैरक से कांटे जैसी प्रतिबंधित वस्तु भी बरामद की गई है। तीनों जेलों की रिपोर्ट डीजी जेल और शासन को सौंपी गई, जिसके बाद कार्रवाई की गई।












Click it and Unblock the Notifications