यूपी चुनाव: पांचवें चरण में सबसे ज्यादा दागी उम्मीदवार बसपा के उसके बाद भाजपा
पहले चार चरणों की तरह इस दफा भी हर पार्टी से बड़ी तादाद में आपराधिक मुकदमों का सामना कर रहे उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं करोड़ पति भी बड़ी संख्या में हैं। एडीआर ने इसके आंकड़े जारी किए हैं।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश चुनाव के पांचवे चरण के लिए सोमवार को वोट डाले जाएंगे। पहले चार चरणों की तरह इस दफा भी बड़ी तादाद में आपराधिक मुकदमों का सामना कर रहे उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं करोड़पति भी बड़ी संख्या में हैं। किसी भी पार्टी ने दागियों को टिकट देने में कोताही नहीं की है। पांचवे चरण में कुल 617 उम्मीदवार और 75 राजनीतिक पार्टियां मैदान में हैं। 617 में से 612 ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमों का जिक्र किया है।

एडीआर ने पांचवें चरण में 11 जिलों की 52 विधानसभा सीटों पर लड़ रहे 617 में से 612 प्रत्याशियों के शपथ पत्रों के आधार पर शुक्रवार को ये रिपोर्ट जारी की है। इस चरण में सबसे ज्यादा दागी उम्मीदवार बहुजन समाज पार्टी के हैं, इसके बाद भाजपा है। बसपा के 51 में 23, भाजपा के 51 में से 21, सपा के 42 में से 17, कांग्रेस के 14 में से तीन और रालोद के 30 में से आठ उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि 220 में से 19 यानी नौ फीसदी निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मामलों का जिक्र किया है। 22 सीटों पर तीन से अधिक दागी उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 96 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। नौ उम्मीदवारों पर हत्या तथा 24 पर हत्या का प्रयास और आठ उम्मीदवारों पर महिला उत्पीड़न के मामले दर्ज हैं। चार उम्मीदवारों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज है।
करोड़पतियों भी सबसे ज्यादा बसपा के
वहीं करोड़पति उम्मीदवारों की बात की जाए तो 612 में से 168 यानि 27 फीसदी कैंडिडेट करोड़पति हैं। करोड़पति उम्मीदवारों के मामले में भी बहुजन समाज पाार्टी सबसे ऊपर है। बसपा के 51 में से 43 यानि 84 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। इसके बाद भाजपा के 51 में से 38 यानि 75 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। सपा के 42 में से 32 यानि 76 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। कांग्रेस के 14 में से सात यानि 50 प्रतिशत कैंडिडेट करोड़पति हैं। राष्ट्रीय लोकदल के 30 में से नौ उम्मीदवार करोड़पति हैं। इस चरण के सबसे अमीर उम्मीदवारों की बात की जाए तो भाजपा के अजय प्रताप सिंह के पास 49 करोड़ की संपत्ति है। कांग्रेस की अमिता सिंह 36 करोड़ और उसके बाद भाजपा के मयंकेश्वर शरण सिंह 32 करोड़ के मालिक हैं।
156 उम्मीदवारों ने अपने पैन की डिटेल नहीं दी हैं। वहीं 612 में से 365 ने आयकर की अपनी डिटेल सार्वजनिक नहीं की हैं। पांचवे चरण में उम्मीदवारों की शिक्षा की बात की जाए तो 266 उम्मीदवारों ने अपनी शिक्षा पांचवी से 12वीं तक बताई है। 285 ने खुद को स्नातक और 38 न खुद को सिर्फ साक्षर बताया है। वहीं नौ उम्मीदवार निरक्षर हैं। 429 उम्मीदवारों की उम्र 25 से 50 साल के बीच है। 181 की उम्र 51 से 80 साल है। दो उम्मीदवारों ने अपनी उम्र का खुलासा ही नहीं किया। पांचवे चरण में 43 महिलाएं भी चुनाव मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications