यूपी चुनाव 2022: BSP बोली- सपा जिन्ना के नाम पर मांग रही है वोट, BJP के बारे में क्या कहा ? जानिए
लखनऊ, 5 नवंबर: उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले इस बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों पर मिलीभगत का आरोप लगा रही है। जिन्ना एपिसोड पर पार्टी सुप्रीमो मायावती ट्विटर के जरिए यह आरोप पहले ही लगा ही चुकी हैं। अब पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता सुधींद्र भदौरिया ने भाजपा और सपा दोनों पर प्रदेश में धर्म की राजनीति का आरोप लगाकर हमला बोला है। बीएसपी का आरोप है कि समाजवादी पार्टी के मुखिया ने देश के विभाजन के जिम्मेदार माने जाने वाले मोहम्मद अली जिन्ना का नाम उछालकर चुनावों में वोट बटोरना चाहती है।

जिन्ना के नाम पर वोट चाह रही है सपा- बीएसपी
बीएसपी के प्रवक्ता सुधींद्र भदौरिया ने आरोप लगाया है कि 'उत्तर प्रदेश में बीजेपी राम के नाम पर वोट चाह रही है और एसपी जिन्ना के नाम पर वोट चाहती है, जबकि जनता काम के आधार पर वोट देगी, धर्म के आधार पर नहीं।' उन्होंने सवाल किया कि 'क्या काम हुआ है? दोनों पार्टियां प्रदेश में कानून और व्यवस्था बनाए रखने में असफल हुई हैं। जनता बीएसपी की सरकार चाहती है और इसलिए आने वाले विधानसभा चुनावों के बाद बसपा की सरकार बनेगी।' 403 विधानसभा सीटों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए अगले साल के शुरू में ही चुनाव होने हैं।
मायावती भी दोनों दलों में साठगांठ का आरोप लगा चुकी हैं
दरअसल, हाल ही सरदार पटेल की जयंती पर समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने गांधी, पटेल और नेहरू जैसे आजादी के महानायकों की तुलना पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना से कर दी थी और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान का महिमांडन कर दिया था। तभी से वे भाजपा और बसपा के निशाने पर हैं। इससे पहले खुद बीएसपी चीफ मायावती उनपर हमला कर चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि 'सपा मुखिया का बयान और उसपर बीजेपी की प्रतिक्रिया सोची-समझी रणनीति है और ये हिंदू-मुस्लिम करके चुनाव से पहले प्रदेश का माहौल बिगाड़ना चाहते हैं।' बसपा प्रमुख ने दोनों पर एक-दूसरे की पोषक और पूरक होने का भी आरोप लगाया था।
अखिलेश यादव ने क्यों निकाला जिन्ना का जिन्न ?
गौरतलब है कि भाजपा और उसके नेता अखिलेश के बयान पर शुरू से निशाना साध रहे हैं और उन्हें जिन्ना के महिमांडन के लिए माफी मांगने को कह रहे हैं। हालांकि, कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा चीफ ने आने वाले चुनाव के मद्देनजर खास रणनीति के तहत ही प्रदेश की राजनीति में जिन्ना का जिन्न निकाला है।
2017 में यूपी में विभिन्न दलों का प्रदर्शन
2017 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जबर्दस्त सफलता हासिल की थी और वह राज्य की 312 सीटें जीत गई थी। 403 सीटों के चुवाव में भारतीय जनता पार्टी को 39.67% वोट मिले थे। समाजवादी पार्टी (21.82%) को 47 और बीएसपी (22.23%) को 19 सीटें मिली थीं। जबकि, कांग्रेस (6.25%) को सपा से गठबंधन के बावजूद महज 7 सीटें ही हाथ लगी थीं।












Click it and Unblock the Notifications