Ayodhya News: रामलला के दर्शन के लिए खोले जाएंगे तीन अलग द्वार, इन श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
Ayodhya News Uttar Pradesh: अयोध्या राम मंदिर में लगातर हो रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सीएम योगी ने सोमवार को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने रामलला के दर्शन किए और यहां चल रहे विकास कार्यों का हाल जाना।
सीएम योगी ने राम मंदिर परिसर में वरिष्ठ अधिकारियों और रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा की गयी। खासकर भारी संख्या में आ रहे श्रद्धालुओं को होने वाली समस्या पर। सीएम ने निर्देश दिया कि यहां आने वाले वीआईपी और वीवीआईपी श्रद्धालुओं के कारण आम श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो इसके लिए तीन अलग द्वार बनाए जाएंगे। इसके लिए रामजन्मभूमि के गेट नंबर 10 और 11 के साथ एक अन्य वीआईपी गेट को उपयोग में लाया जाएगा। आने वाले दिनों में भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वहां की पूरी कैबिनेट को यहां आना है। ऐसे में इस नई व्यवस्था को प्रभावी किया जाएगा।

अफसरों व ट्रस्ट की बैठक में सीएम ने कहा कि जन्मभूमि पथ पर पैदल चलने के लिए कारपेट बिछाया जाए। बुजुर्गों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था हो। जगह-जगह पीने का पानी उपलब्ध कराया जाए। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित हो कि भक्तों को बहुत दूर से रामलला के दर्शन न करने पड़ें। सभी को जितना हो सके, उतना करीब से दर्शन कराया जाए। काॅरिडोर के सभी पथों पर अनधिकृत वाहन न खड़ा होने पाएं। नो व्हीकल जोन बनाए जाएं। कहीं पर भी अतिक्रमण की गुंजाइश न रहे।
बैठक में कमिश्नर गौरव दयाल, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, स्पेशल डीजी प्रशांत कुमार, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, एडीजी सुरक्षा रघुवीर लाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम नितीश कुमार, नगर आयुक्त विशाल सिंह, एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय, विधायक वेद प्रकाश गुप्त व मेयर गिरीश पति त्रिपाठी मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications