यूपी निकाय चुनाव: सहारनपुर नगर पालिका में नहीं खिला भाजपा का कमल
सहारनपुर। सहारनपुर नगर निगम को छोड़कर जिले की अन्य नगर पालिका और नगर पंचायत में भाजपा अपना जादू नहीं दिखा सकी है। केवल सरसावा नगर पालिका में ही भाजपा के प्रत्याशी अपनी जीत दर्ज कर सके हैं जबकि अन्य नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में बसपा और कांग्रेस का दबदबा रहा है।

बता दें कि नगर निगम सहारनपुर में भाजपा के प्रत्याशी संजीव वालिया ने जीत दर्ज की है। सहारनपुर जनपद की सरसावा नगर पालिका में भाजपा के बिजेंद्र मोंगा ने जीत दर्ज की है। इन्होंने सपा के प्रमोद पंवार को पराजित किया है। नगर पालिका परिष नकुड़ में बसपा के शाहनवाज खान ने भाजपा के शिव कुमार गुप्ता को हराया है। जबकि नगर पालिका परिषद गंगोह में पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता इमरान मसूद के भाई नोमान मसूद ने जीत दर्ज की है। वह इस पालिका में पहले भी पालिकाध्यक्ष रह चुके है। उन्होंने भाजपा की शकुंतला देवी को हराया है। नगर पालिका परिषद देवबंद में बसपा के जियाउद्दीन अंसारी ने भाजपा के डा. महेंद्र सैनी को पराजित किया है। जियाउद्दीन अंसारी पहले भी पालिकाध्यक्ष रह चुके हैं।
इसके अलावा नगर पंचायत बेहट में निर्दलीय अब्दुल रहमान उर्फ शालू ने निर्दलीय नफीस अहमद को पराजित कर अध्यक्ष पद कब्जाया है। नगर पंचायत अम्बहेटा पीर में कांग्रेस की गुलशाना ने बसपा की रानी सैनी को, नगर पंचायत रामपुर मनिहारान में कांग्रेस की शकुंतला देवी ने बसपा के कुलदीप बालियान को पराजित किया है। नगर पंचायत तीतरो में सपा के मनोज कुमार ने कांग्रेस के पूरण चंद को परास्त किया और नगर पंचायत नानौता में बसपा की नसीम फातिमा ने कांग्रेस की रूबीना को हराया है। इसके अलावा नगर पंचायत चिलकाना सुल्तानपुर में अकबर कुरैशी ने कांग्रेस के हाजी इमरान को हराया है।












Click it and Unblock the Notifications