कुंडा में फिर से चला राजा भैया का जलवा, करीबी सीमा यादव बनी चेयरमैन
इलाहाबाद। प्रतापगढ़ की कुंडा नगर पंचायत पर राजा भैया समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी सीमा यादव ने जीत दर्ज कर ली है। सीमा यादव ने दीपा जायसवाल को 4,782 मतों से हराते हुए पति गुलशन यादव की कुर्सी को बचाए रखा है। राजा भैया के गढ़ कुंडा में इस बार नगर पंचायत का चुनाव दिलचस्प होने की उम्मीद थी और मतगणना के दौरान वही दिलचस्पी देखने को मिली। हालांकि काफी नजदीकी जीत हासिल करने के बाद एक बार फिर राजा भैया की हनक देखने को मिली है।

बता दें कि राजा भैया के खास निवर्तमान अध्यक्ष गुलशन यादव जेल मे बंद थे और उनकी जगह पत्नी सीमा यादव ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था। राजा भैया ने जीत का आश्वासन दे दिया था और पूरे इलाके मे सीमा यादव के पोस्टर, बैनर, पंपलेट पर राजा भैया की तस्वीर और नाम सारा चुनाव लड़ने लगे। लेकिन भाजपा ने इस सीट के लिये अपनी पूरी ताकत झोंक दी क्योंकि राजा भैया प्रत्यक्ष रूप से चुनाव में शामिल नहीं थे, केवल उनका नाम इस्तेमाल हो रहा था। परन्तु राजा भैया का नाम ही यहां पत्थर की लकीर की तरह माना जाता था, जिसका जीता जागता नमूना सीमा की जीत ने दिखा दिया। फिलहाल पूरे कुंडा में राजा भैया के जयकारे लग रहे हैं और सीमा सिंह चेयरमैन बन गई हैं।

विवादित रहा था नामांकन
बता दें कि सीमा यादव ने नामांकन के दौरान दो आईडी लगाई थी जिसे लेकर नामांकन विवादित हो गया था। सीमा यादव पर धोखाधड़ी का केस विरोधी प्रत्याशी ने दर्ज कराया है। सीमा यादव के पास दो-दो पैन कार्ड और आधार कार्ड मिले थे और दोनों अलग नाम से थे। माना जा रहा था कि सीमा का नामांकन रद्द हो जायेगा, लेकिन राजा भैया की कृपा का असर साफ दिखा था और नामांकन सही माना गया और अब सीमा ने विजय हासिल कर ली।












Click it and Unblock the Notifications