Bahraich Violence: सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, कहा-'दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई'
Bahraich Violence: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के महराजगंज क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान भड़की सांप्रदायिक हिंसा में मारे गए 22 वर्षीय राम गोपाल मिश्रा की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और न्याय की हर संभव कोशिश होगी। यह घटना रविवार को रेहुआ मंसूर गांव के पास उस वक्त हुई। जब जुलूस के दौरान हिंसा भड़क गई। जिसमें मिश्रा की गोली लगने से मौत हो गई और अन्य कई लोग घायल हो गए।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में पीड़ित राम गोपाल मिश्रा के परिवार से मुलाकात की। जहां महसी से बीजेपी विधायक सुरेश्वर सिंह भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि राज्य सरकार न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने X पर एक पोस्ट के जरिए अपनी संवेदना प्रकट की और आश्वासन दिया कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

हिंसा के दौरान घायल हुए कई लोग
रविवार को हुए इस संघर्ष में राम गोपाल मिश्रा के साथ लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद पथराव और गोलीबारी के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। मिश्रा के अंतिम संस्कार सोमवार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ। जिससे माहौल की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
परिवार के साथ भावुक मुलाकात
उत्तर प्रदेश सरकार ने एक वीडियो जारी किया। जिसमें मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को राम गोपाल मिश्रा के परिवार से बातचीत करते हुए दिखाया गया है। मुलाकात के दौरान मिश्रा की पत्नी रोली मिश्रा, पिता कैलाश नाथ मिश्रा, मां मुन्नी देवी और चचेरे भाई किशन मिश्रा भी उपस्थित थे। वीडियो में परिवार के साथ मुख्यमंत्री के भावुक पल भी कैद किए गए। जहां परिवार ने न्याय की मांग की और मुख्यमंत्री ने हर संभव मदद का भरोसा दिया।
विधायक और परिवार की प्रतिक्रिया
बीजेपी विधायक सुरेश्वर सिंह ने बताया कि परिवार पहले से ही मुख्यमंत्री से न्याय की मांग कर चुका था। उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी और आवश्यक कार्रवाई करेगी। लखनऊ के लिए रवाना होने से पहले राम गोपाल मिश्रा की पत्नी रोली मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा कि वह अपने पति की मौत के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने की मांग करती हैं।
स्थिति नियंत्रण में, एहतियाती कदम उठाए गए
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार ने कहा कि बहराइच में स्थिति नियंत्रण में है। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
बहराइच में हुई इस हिंसा ने उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक माहौल को हिला दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया है। जिससे उम्मीद है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और स्थिति को जल्द ही सामान्य किया जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications