UP by-election 2024: उपचुनाव में कांग्रेस के एक भी उम्मीदवार नहीं, सपा ने खैर और गाजियाबाद से उतारे प्रत्याशी
UP by-election 2024 Samajwadi Party candidate: उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव से पहले लंबे घमासान के बाद अब प्रत्याशियों के नाम को लेकर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। इस उपचुनाव में यूपी में कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ेगी।
हालांकि इंडिया गठबंधन से जुड़े होने के चलते कांग्रेस द्वारा समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों का समर्थन किया जाएगा। इस बात का ऐलान बुधवार रात में जहां अखिलेश यादव ने एक्स पर मैसेज शेयर करके किया था। वहीं गुरुवार को कांग्रेस यूपी अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी ऐलान किया।

ऐसे में इंडिया गठबंधन के तहत केवल समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ही मैदान में रहेंगे। समाजवादी पार्टी द्वारा पहले ही सात सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया गया था। दो सीटें कांग्रेस के लिए छोड़े जाने की बात कही जा रही थी।
लेकिन गुरुवार को अचानक शीर्ष नेतृत्व द्वारा फैसला लिया जाने के बाद कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश में उपचुनाव लड़ने की बजाय समाजवादी पार्टी को समर्थन करने का निर्णय लिया गया। ऐसे में समाजवादी पार्टी ने गुरुवार शाम बची हुई दो विधानसभा सीटों पर भी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया।
समाजवादी पार्टी द्वारा गाजियाबाद विधानसभा सीट पर सिंह राज जाटव को टिकट दिया गया है। इसके अलावा अलीगढ़ के खैर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी द्वारा चारू कैन को टिकट दिया गया है। खैर विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी द्वारा अभी तक प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। वहीं अगर बात करें भारतीय जनता पार्टी की तो भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस विधानसभा सीट पर सुरेंद्र दिलेर को टिकट दिया गया है।
कांग्रेस से जुड़ी रही हैं चारू कैन
दरअसल, डॉ चारू कैन साल 2022 में बहुजन समाज पार्टी से किनारा कर लिया था। उन्होंने बसपा छोड़ने के बाद कांग्रेस का दामन थामा। बताया जा रहा है कि मौजूदा समय में भी डॉक्टर चारू कांग्रेस से ही जुड़ी हैं, लेकिन विधानसभा उपचुनाव के दौरान खैर विधानसभा सीट से वह सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगी।












Click it and Unblock the Notifications