UP Budget: अखिलेश यादव ने आजम खान के समर्थन में पहनी काली शेरवानी, विधायकों के साथ अनोखे अंदाज में किया विरोध
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के बजट के बीच समाजवादी पार्टी ने विरोध का एक अनोखा तरीका खोज निकाला। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ अन्य विधायकों ने आजम खान के समर्थन में काली शेरवानी पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया।

UP Budget 2023: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आज विधानसभा में अपना बजट (UP Budget 2023) पेश किया। इस बजट को लेकर विपक्ष की अभी से तीखी प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई है। वहीं दूसरी ओर सपा के दिग्गज नेता आजम खान के सपोर्ट में विधानसभा में पार्टी के विधायक काली शेरवानी पहने नजर आए। सपा विधायकों के विरोध का ये अनोखा तरीका काफी चर्चा में है। सदन में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, जियाऊर रहमान बर्क, कमाल अख्तर, आशू मलिक, फहीम, जाहिद बेग, नासिर क़ुरैशी, शेरवानी पहनकर पहुंचे।
अखिलेश यादव ने आजम खान के समर्थन में पहनी काली शेरवानी
दरअसल, अखिलेश यादव जब विधानसभा भवन पहुंचे तो वह काली शेरवानी के साथ सपा की लाल टोपी में नजर आए। इसी पहनावे में उनके साथ कुछ अन्य विधायक भी सरकार का विरोध करते दिखे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान के खिलाफ योगी सरकार की जो कार्रवाई हो रही है, उसके विरोध में यह पार्टी नेताओं ने यह कदम उठाया है।
सरकार से पूछा- 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लिए क्या-क्या कदम उठाए
वहीं, योगी सरकार के बजट को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि, 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का जो सपना इन्होंने दिखाया है तो मुझे उम्मीद है कि मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जी विपक्ष और जनता को बताएंगे कि उन्होंने 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लिए क्या-क्या कदम उठाए हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि, हर बजट ऐतिहासिक बोला जाता है लेकिन सच्चाई ये हैं कि अभी तक जो 6 बजट आए हैं उसमें नहीं लगता कि किसान, युवा या बेरोजगारी के लिए कोई बड़े फैसले लिए हो। अगर बड़े फैसले लिए होते तो आज यूपी की अर्थव्यवस्था न जाने कहां पहुंच गई होती।
देश की GDP में प्रदेश का योगदान 8% से अधिक- वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना
वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश सरकार का बजट पेश करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सुबह 11 बजे विधानसभा पहुंचे। वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण की शुरुआत में कहा कि, वित्तीय वर्ष 2023 2024 के लिए GSDP में वृद्धि की दर 19 प्रतिशत अनुमानित की गई है। वैश्विक मंदी के दौर में प्रदेश की अर्थव्यवस्था की विकास दर उत्साहजनक है। वर्ष 2017 के पूर्व प्रदेश की बेरोजगारी दर 14.4 प्रतिशत थी, आज यह घटकर लगभग 4.2 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने बताया कि, देश की GDP में प्रदेश का योगदान 8% से अधिक का हैं। मुझे यह बताते हुए हर्ष है कि वर्ष 2021 2022 में प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद में 16.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है जो देश की विकास दर से अधिक रही।












Click it and Unblock the Notifications