यूपी बोर्ड: इसी महीने के लास्ट वीक में एक साथ आएगा हाईस्कूल-इंटर का रिजल्ट
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटर के रिजल्ट की संभावित समय का ऐलान कर दिया गया है। इसी महीने में 2017-18 शैक्षणिक सत्र की परीक्षाओं का रिजल्ट आ जाएगा। परीक्षा खत्म होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का अब अंतिम दौर चल रहा है। इलाहाबाद समेत कई मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और बोर्ड रिजल्ट जारी करने की अंतिम प्रक्रिया भी शुरू कर चुका है। बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह में रिजल्ट आएगा और हाईस्कूल व इंटर दोनों का रिजल्ट एक साथ जारी किया जाएगा।

बोर्ड परीक्षा में हुई थी खूब कड़ाई
इस बार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने यूपी बोर्ड की परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से लेकर एसटीएफ तक को नकल रोकने के काम में लगाया गया था, जिसका असर भी खूब देखने को मिला था और रिकॉर्ड तोड़ परीक्षार्थियों ने इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा छोड़ दी थी। ऐसे में इस बार रिजल्ट का प्रतिशत काफी कम आने के आसार हैं और रिजल्ट की तारीख नजदीक आते ही बोर्ड परीक्षार्थियों के दिल की धड़कन तेज हो चुकी है।

मूल्यांकन का आखिरी दौर
उत्तर प्रदेश के 248 मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन हो रहा था, जिसमें से इलाहाबाद आदि शहरों में बने मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ मूल्यांकन केंद्रों पर गिनी-चुनी कॉपियों का मूल्यांकन बाकी है, वह भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा और अप्रैल के अंतिम सप्ताह में बोर्ड का रिजल्ट जारी होगा।
31 मार्च को ही पूरा होना था मूल्यांकन
बता दें कि यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 31 मार्च को ही पूरा हो जाना था। इस बाबत बोर्ड ने आदेश भी जारी किए थे, लेकिन शुरुआत में मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों के प्रदर्शन व काम पर ना आने के चलते मूल्यांकन का काम थोड़ा शिथिल हो गया। जिसके चलते तय तारीख पर मूल्यांकन की प्रक्रिया सभी मूल्यांकन केंद्रों पर पूरी नहीं हो सकी। फिलहाल बोर्ड ने दावा किया है कि वह अप्रैल के आखिरी सप्ताह में हाईस्कूल व इंटर दोनों का परीक्षा फल घोषित करेगा।
ये भी पढ़ें- VIDEO: शराब पीकर ये शख्स बन गया 'कुत्ता' ,दौड़ा-दौड़ा कर पूरे परिवार को दातों से काटा












Click it and Unblock the Notifications