UP Board Result 2024: कब आएगा रिजल्ट? जानें मूल्यांकन प्रक्रिया और जरूरी अपडेट
UP Board Result 2024: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम मई में जारी होने की संभावना जताई जा रही है। मुल्यांकन के लिए उत्तर प्रदेश में इस बार प्रदेशभर में 261 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां शिक्षकों की देखरेख में कॉपियों की जांच की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मूल्यांकन कार्य 19 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। सभी मूल्यांकन केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसे लेकर यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनके तहत सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

मूल्यांकन केंद्रों पर रहेगी सख्त निगरानी
बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र में केवल अधिकृत कर्मियों को ही प्रवेश मिलेगा। मुख्य नियंत्रक और उप नियंत्रक यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति केंद्र में प्रवेश न कर सके। यदि कोई इस नियम का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत कार्रवाई की जाएगी। मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं 13 से 18 मार्च के बीच भेजी जाएंगी।
मूल्यांकन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। परीक्षकों को मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यह कदम परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने और अनुचित साधनों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है।
परीक्षकों के लिए कार्यभार निर्धारित
बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए परीक्षकों के कार्यभार को भी निर्धारित कर दिया है। हाईस्कूल परीक्षकों को प्रतिदिन 50 और कुल अवधि में अधिकतम 700 उत्तर पुस्तिकाएं जांचने की अनुमति होगी। कला विषयों के लिए यह संख्या प्रतिदिन 80 और कुल अवधि में 800 रखी गई है। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षकों के लिए प्रतिदिन 45 और कुल अवधि में 600 उत्तर पुस्तिकाएं जांचने की सीमा तय की गई है।
हाईस्कूल विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए एक विशेष पैनल तैयार किया गया है। गणित सहित अन्य सभी विषयों में स्टेप मार्किंग को अनिवार्य किया गया है, ताकि छात्रों को उनके उत्तरों के अनुसार उचित अंक मिल सकें।
18 मार्च को दिया जाएगा प्रशिक्षण
मूल्यांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 18 मार्च को सभी परीक्षकों और उप प्रधान परीक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें मूल्यांकन से संबंधित सभी नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
मूल्यांकन कार्य समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की अंतिम समीक्षा की जाएगी। यूपी बोर्ड द्वारा मई के पहले या दूसरे सप्ताह में रिजल्ट जारी करने की संभावना जताई जा रही है। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार अपडेट चेक करते रहें।












Click it and Unblock the Notifications