यूपी में भाजपा की तैयारी हुई तेज, बूथ स्तर की बैठक में दिया जा रहा जीत का मंत्र
लोकसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। देश में 370 सीटों पर जीत दर्ज करने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो लक्ष्य रखा है उस लक्ष्य को लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है। पार्टी सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करने की योजना बना रही है। इसको लेकर हर स्तर पर पार्टी के भीतर मंथन चल रहा है। हर बूथ पर 370 नए वोटर जोड़ने की रणनीति तैयार की जा रही है। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बैठकें हो रही हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। बूथ स्तर पर सम्मेलनों की शुरुआत हो गई है। रविवार को अलग-अलग जगहों पर बैठकों का दौर जारी हो गया है। भाजपा के उत्तर प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने उन्नाव में रविवार को बूथ सम्मेलन की शुरुआत की। इस बूथ सम्मेलन को लोकसभा की सभी सीटों पर किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया जा रहा है।

पार्टी की ओर से हर बूथ पर 370 नए वोटर जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सभी को 370 का लक्ष्य याद दिलाया था। अब इस लक्ष्य को हर बूथ स्तर की बैठक में कार्यकर्ताओं को याद दिलाया जा रहा है। बूथ समिति के सदस्यों को लोगों के घर जाकर उनसे मिलने, उनके साथ आपस में मिलकर भोजन करने जैसे तमाम बिंदुओं पर जोर दिया जा रहा है। जिससे अधिक से अधिक वोटर्स को पार्टी के पक्ष में लाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications