UP के बरेली में सीरियल किलर का खौफ! 13 महीने में 9 हत्याएं, साड़ी वाली महिलाएं पसंदीदा टार्गेट
Bareilly Serial killer Terror: पांच प्राचीन शिव मंदिरों के लिए प्रसिद्ध उत्तर प्रदेश का बरेली जिला इन दिनों सीरियल किलर के भय से कांप रहा है। यहां 25 किलोमीटर के दायरे में 13 महीने के अंतराल में एक ही उम्र की नौ महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया गया है। आमतौर पर इन हत्याओं का पैटर्न एक जैसा है।
आलम यह है कि इलाके की महिलाओं में इस सीरियल किलर की दहशत बैठ गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी महिलाओं की हत्या गला घोंटकर की गई, जिनमें से ज्यादातर की हत्या उनकी अपनी ही साड़ी से की गई।

यूपी डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि तीन संदिग्धों के स्केच जारी किए गए हैं। लंबी जांच के बाद इन संदिग्धों के बारे में पुलिस को इनपुट मिला था। इन हत्याओं का सिलसिला पिछले साल जून से शुरू हुआ। पुलिस लगातार जांच में जुटी थी। 13 महीने में 9 महिलाओं का मर्डर...
पिछले साल शाही, शीशगढ़ और शेरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्रों में 40-65 आयु वर्ग की आठ महिलाओं की हत्या कर दी गई थी, जो एक दूसरे की सीमा पर हैं। सभी मामलों में शव गन्ने के खेतों में मिले थे और उनके कपड़े अस्त-व्यस्त थे, लेकिन यौन उत्पीड़न के कोई संकेत नहीं मिले। इन हत्याओं को एक और बात आपस में जोड़ती थी, वह थी कि ज्यादातर महिलाओं की हत्या उनकी पहनी हुई साड़ियों से गला घोंटकर की गई थी।
13 महीने में 9 हत्याएं
- जून 2023- तीन हत्याएं
- जुलाई 2023- 1
- अगस्त 2023- 1
- अक्टूबर 2023- 1
- नवंबर 2023- 2
- 2 जुलाई 2024- हत्या
300 पुलिसकर्मी, 14 टीमें तैनात
आठवीं हत्या के बाद, 300 पुलिसकर्मियों का एक अतिरिक्त बल, वर्दीधारी और सादी वर्दीधारी अधिकारियों की 14 टीमों में विभाजित होकर, क्षेत्र में गश्त करने और अज्ञात अपराधियों पर नजर रखने के लिए भेजा गया। उसके बाद कोई अन्य हत्या नहीं हुई और हालांकि हत्यारा पकड़ा नहीं गया। फिर भी स्थानीय निवासियों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
हेल्पलाइन नंबर जारी
पुलिस ने तीन संदिग्धों के स्केच के साथ हेल्पलाइन नंबर भी जारी हुए हैं। जिसपर अगर उन्हें कोई सुराग मिले तो वे इन नंबरों पर कॉल कर सकें। इनमें पुलिस अधीक्षक (दक्षिण), बरेली के कार्यालय के लिए 9554402549 और 9258256969 नंबर शामिल हैं।
45 वर्षीय अनीता की गला घोंटकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव
शेरगढ़ के भुजिया जागीर गांव की रहने वाली अनीता फतेहगंज के खिरका गांव में अपने मायके गई हुई थी। वह 2 जुलाई को घर से निकली और कुछ पैसे निकालने बैंक गई। उसका शव गन्ने के खेत में मिला और पोस्टमार्टम में पता चला कि उसकी हत्या उसकी साड़ी से गला घोंटकर की गई थी। एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें संदेह है कि पिछले साल की हत्याओं के पीछे एक व्यक्ति, एक सीरियल किलर हो सकता है और जुलाई में हुई हत्या ने उन संदेहों को और मजबूत कर दिया है। एसपी (दक्षिण) मानुष पारीक ने बताया कि 2 जुलाई को शाही थाना क्षेत्र में गन्ने के खेत में एक महिला का शव मिला था। मामला दर्ज कर कई टीमें लगाई गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications