UP: बरेली में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रही कार में जलकर 8 लोगों की हुई मौत, CM योगी ने जताया दुख
UP Bareilly Road Accident: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। बरेली में शनिवार रात नैनीताल हाइवे पर कार और ट्रक की टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में आग लग गई थी। जिसके बाद कार में सवार सभी लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में एक आठ साल का बच्चा भी शामिल था।
कार में सवार सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसा रात करीब 11 बजे भोजीपुरा थाने से करीब एक किलोमीटर दूर हुआ था। पुलिस की तरफ से भी पुष्टि की गई है।

तेज स्पीड में थी कार!
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार, जिसकी पहचान अर्टिगा (सीएनजी) के रूप में की गई है, तेज स्पीड में थी और उसने अपना कंट्रोल खो दिया था, डिवाइडर को तोड़ सामने से आ रही ट्रक से टकरा गई थी। जिसके बाद दोनों गाड़ियों में आग लगी थी।
हालांकि ट्रक का ड्राइवर भागने में सफल रहा, लेकिन कार में सवार लोग अंदर फंस गए और बाहर निकलने में असमर्थ रहे। राहगीरों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने की कोशिश की थी। लेकिन आग ने कुछ ही मिनटों में सभी आठ लोगों की जान ले ली।
CM योगी ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक जताया है। सीएम योगी के ऑफिस की ओर से किए ट्वीट में लिखा है कि, ''सीएम योगी ने जनपद बरेली में हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रभु श्री राम से महाराज जी ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।''
शवों की पहचान में हो रही है मुश्किल!
घटना स्थल पर पहुंचे बरेली के एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने कहा कि जले हुए शवों की पहचान करने में समय लग सकता है। जिस रेंटर की दुकान से कथित तौर पर कार उधार ली गई थी, उसके मालिक सुमित गुप्ता ने पुष्टि की कि ग्राहक आसिफ ने शादी के लिए गाड़ी ली थी। आसिफ के ड्राइवर और भतीजे फुरकान को कार सौंपी गई थी।
बरेली के एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने कहा कि पीड़ितों की पहचान सुनिश्चित करना काफी मुश्किल है क्योंकि सभी शव पूरी तरह से जल गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चीजें पता चल पाएंगी।
सीओ चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि कार मालिक सुमित से पूछताछ की जा रही है और शक है कि वाहन बिना उचित टैक्सी पंजीकरण के चल रहा था। उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारण और इस भयानक घटना के लिए जिम्मेदार किसी संभावित लापरवाही का पता लगाने के लिए जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications