Baghpat Accident: UP के बागपत में यात्रियों से भरी पिकअप पलटी, 12 की मौत-12 से ज्यादा घायल, कैसे हुआ हादसा?
UP Baghpat Pickup Truck Overturns Reason: उत्तर प्रदेश के बागपत में बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से बदायूं जा रही यात्रियों से भरी पिकअप वाहन सड़क डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा खेकरा थाना क्षेत्र में रात करीब 12:30 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, पिकअप में करीब 32 यात्री सवार थे। वाहन के पलटने की सूचना मिलते ही डायल-112 की चार पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV), एंबुलेंस और खेकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

डिवाइडर से टकराने के बाद पलटी पिकअप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी पिकअप राजस्थान से उत्तर प्रदेश के बदायूं की ओर जा रही थी। खेकरा इलाके में अचानक वाहन सड़क डिवाइडर से टकराया और अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार कई लोग उसके अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने लोगों को बाहर निकाला। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. तीरथ लाल ने बताया कि हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे के वक्त सो रहे थे ज्यादातर यात्री
घायल यात्री कुंवर पाल ने बताया कि हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और वाहन पलट गया। उन्होंने बताया कि वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहत टीमों ने यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
32 यात्रियों से भरी थी गाड़ी
पुलिस अधीक्षक सूरज राय के मुताबिक, पिकअप में करीब 32 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद चार PRV, एंबुलेंस और खेकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को खेकरा और बागपत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
चालक ने दूसरे वाहन को बताया हादसे की वजह
पुलिस के मुताबिक, पिकअप चालक ने दावा किया है कि किसी दूसरे वाहन ने पीछे से टक्कर मारी थी। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है। हादसा डिवाइडर से कैसे टकराया और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही हादसे के कारणों और चालक के दावे की भी पड़ताल कर रही है।
परिजनों से संपर्क में पुलिस
पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कराने के साथ उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है। प्रशासन की ओर से घायलों को जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। बागपत पुलिस ने हादसे में शामिल लोगों की जानकारी लेने के लिए परिजनों से 9454417383 नंबर पर संपर्क करने की अपील की है।


Click it and Unblock the Notifications
