यूपी चुनाव परिणाम: इस सीट पर मोदी लहर ने किया ऐसा जो पहले कभी नहीं हुआ
कौशांबी की मंझनपुर सीट दशकों से बीजेपी के लिए न सिर्फ चुनौती बनी रही । बल्कि किसी अबूझ पहेली की तरह भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाती रही। भाजपा ने मंझनपुर जीत के लिए जाने कितने जतन किये।
इलाहाबाद। इलाहाबाद मण्डल के कौशाम्बी की मंझनपुर विधानसभा सीट पर पहली बार भाजपा को जीत मिली है। इसके पहले भाजपा का यहां खाता नहीं खुला था। मिथक था कि राममंदिर लहर के समय भी इस सीट पर जब जीत नहीं मिली तो यहां कमल कभी नहीं खिलेगा।

लेकिन मोदी लहर ने न सिर्फ इस मिथक को तोड़ दिया बल्कि पूरे कौशांबी जिले में सपा-कांग्रेस व बसपा का पत्ता साफ कर दिया। लाल बहादुर ने मंझनपुर विधानसभा पर बतौर भाजपा प्रत्याशी 92818 वोट हासिल किये। जबकि बसपा प्रत्याशी इन्द्रजीत सरोज दूसरा स्थान हासिल करते हुए 88658 वोट प्राप्त किया। सपा इस सीट पर तीसरे स्थान पर फिसल गई और सपा प्रत्याशी हेमंत कुमार टुन्नू सिर्फ 33717 वोट पर सिमट गये।
हमेशा से रही है चुनौती
कौशांबी की मंझनपुर सीट दशकों से बीजेपी के लिए न सिर्फ चुनौती बनी रही । बल्कि किसी अबूझ पहेली की तरह भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाती रही। भाजपा ने मंझनपुर जीत के लिए जाने कितने जतन किये। संगठन से लेकर संघ तक ने अपनी जोर आजमाइश की। लेकिन सफलता नहीं मिली । भाजपाईयों के लिये यह सीट अंगूर खट्टे है वाली कहावत को चरितार्थ करती रहि। लेकिन इस बार मोदी लहर ने मंझनपुर में भाजपा के सूखे को खत्म किया और कमल खिला दिया ।
सीट पर ऐसा था आंकड़ा
मंझनपुर की मिस्ट्री भले ही आज टूट चुकी है। लेकिन इसका आंकड़ा बहुत ही दिलचस्प रहा है। सबसे पहले इस सीट पर 1967 में चुनाव हुआ और उस चुनाव में भारतीय जन संघ पार्टी के प्रत्याशी नाथू राम ने विजय हासिल की । जब भाजपा की लहर थी तब 1991 में बीजेपी के उम्मीदवार चुन्नी लाल की जीत तय मानी जा रही थी। लेकिन जीत जनता दल के प्रत्याशी भगवान प्रसाद ने दर्ज की और यह तय हो गया कि बीजेपी इस सीट को कभी नहीं जीत पायेगी।
बसपा की बनी पारंपरिक सीट
मंझनपुर सीट 1993 के बाद जितने चुनाव हुये बसपा के खाते में गई और यह सीट बसपा की पारंपरिक सीट बन गई । 1993 में बसपा के दिग्गज नेता आरके चौधरी ने इसकी शुरूआत की और अब जाकर बसपा तिलस्म टूट सका। सही माइने में तो इस चुनाव में बसपा को बीजेपी ने जड़ से उखाड़ फेंका है और पूरे यूपी में भगवा ध्वज लहरा रहा है।
हर बूथ पर आगे रही भाजपा
मंझनपुर में यह बड़ा दिलचस्प आंकड़ा सामने आया है कि विधानसभा के हर बूथ पर भाजपा ने बढत हासिल की। सपा-कांग्रेस गठबंधन से लेकर बसपा के पदाधिकारी भी अपना बूथ तक नहीं बचा सके। रिजल्ट की घोषणा के साथ ही इन दलों के जिलास्तरीय नेताओं की बोलती बंद है। क्योंकि उनका बूथ तक नहीं बचा है।












Click it and Unblock the Notifications