उन्नाव: यूपी पुलिस की PRV पर पलटा ट्रक, 3 पुलिसकर्मियों की मौत
उन्नाव, 4 फरवरी: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हुआ, जहां यूपी पुलिस की पीआरवी पर ट्रक पलट गया। जिस वजह से उसमें बैठे सभी पुलिसकर्मी दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल टीम और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हुई, जबकि एक जवान घायल बताया जा रहा है। वहीं घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी दुख व्यक्त किया।

जानकारी के मुताबिक करौंदी से इनोवा एसआर पेट्रोल पंप सफीपुर की तरफ जा रही थी, जबकि दूसरी दिशा से एक तेज रफ्तार ट्रक आ रहा था, जो अनियंत्रित होकर पुलिस वाहन पर पलट गया। सूत्रों के मुताबिक वाहन में दो महिला आरक्षी समेत चार पुलिसकर्मी मौजूद थे। जिसमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
वहीं घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर लिखा कि सीएम योगी ने उन्नाव में एक सड़क दुर्घटना में पुलिसकर्मियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल सिपाही का समुचित उपचार कराने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं।
यूपी कांग्रेस ने भी जताया दुख
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी घटना पर दुख जताया है। पार्टी ने ट्वीट कर लिखा कि उन्नाव में ट्रक पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में दो महिला आरक्षियों समेत तीन पुलिसकर्मियों के मारे जाने की सूचना बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति दे! विनम्र श्रद्धांजलि!












Click it and Unblock the Notifications