गाय का दूध पीने पर दो युवकों ने बछड़े को बेरहमी से पीटा, बाद में फेंक दिया कूड़े के ढेर पर
प्रयागराज, अगस्त 22। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक बेजुबान पशु के साथ क्रूरता का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। दरअसल, प्रयागराज के चांदपुर सलोरी इलाके में दो युवकों ने गाय का दूध पीने पर एक बछड़े की बड़ी बेरहमी से पिटाई कर दी। इन युवकों ने उस बछड़े को इतना मारा कि वो अधमरा हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है।

बछड़े के पैर बांधकर उसे कूड़े में फेंका
जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी चांदपुर सलोरी इलाके में एक डेयरी चलाते हैं। एक बछड़ा घूमता-घूमता आरोपियों की डेयरी के पास आ गया और वहां बंधी एक गाय का दूध पी गया। यह देख आरोपी तिलमिला उठे और उन्होंने बछड़े को पकड़कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उस बछड़े के चारो पैर बांधकर उसे कूड़े के ढेर में फेंक दिया। इस घटना को वहां मौजूद किसी शख्स ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और अब इसका वीडियो वायरल हो गया।
हिंदू संगठनों ने वीडियो पर जताई आपत्ति
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षा विभाग समेत कई हिंदू संगठनों ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर कर्नलगंज थाने की पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया। कर्नलगंज इंस्पेक्टर राम मोहन राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications