हमीरपुर के सरकारी स्कूल में दो महिला टीचरों के बीच हुई गुत्थम-गुत्था, तिरंगे का भी किया अपमान
लखनऊ, अक्टूबर 03। उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की क्या हालत है यह आए दिन देखने को मिल जाता है। दो दिन पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो आया था, जो हाथरस के एक सरकारी स्कूल का था। उस वीडियो में एक शिक्षक क्लास के अंदर शराब पी रहा था और बच्चों को पढ़ा रहा था। इस वीडियो के जरिए शिक्षा व्यवस्था की पोल खुल ही रही थी कि शिक्षा के मंदिर से एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, हमीरपुर जिले के कुरारा कस्बे में एक सरकारी स्कूल के अंदर दो महिला टीचर आपस में भिड़ गईं। दोनों के बीच ऐसी गुत्थम गुत्था हुई कि बच्चे भी देखकर हैरान रह गए।

बच्चों के सामने दो टीचरों में हुई गुत्थम गुत्था
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कुरारा कस्बे के कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय की है। इस स्कूल की दो शिक्षिका प्रीति निगम और पुष्पलता पांडेय के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई। धीरे-धीरे यह बहसबाजी झगड़े का रूप लेने लगी और देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद तो क्लासरूम जंग का अखाड़ा बन गया। दोनों ने एक-दूसरे पर खूब थप्पड़ बरसाए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

गांधी जयंती के दिन भिड़ गईं दोनों टीचर
बताया जा रहा है कि यह वीडियो गाँधी जयंती के दिन का है। वीडियो को देखकर भी पता चलता है कि किसी कार्यक्रम के बीच दोनों शिक्षिकाओं की यह लड़ाई हुई है। अहिंसा दिवस के दिन बच्चों के सामने ऐसी मारपीट करना कहां तक शोभा देता है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इन दोनों शिक्षिकाओं को खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं।

तिरंगे का हुआ अपमान
सोशल मीडिया पर सामने आए घटना के वीडियो में एक चीज और देखी जा सकती है कि इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज का अपमान भी किया गया। दरअसल, जब दोनों महिला टीचरों के बीच यह मारपीट चल रही थी तो तिरंगा झंडा जमीन पर पड़ा हुआ था। उसे पैरों से रौंदते हुए यह दोनों आपस में लड़ रही थीं। किसी ने तिरंगे को उठाना जरूरी नहीं समझा।

सस्पेंड हुईं लड़ाई करने वालीं टीचर
जानकारी के मुताबिक, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यह लड़ाई पुलिस तक भी पहुंची है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की गई। वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने झगड़ा करने वालीं दोनों शिक्षिकाओं को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा एक अन्य शिक्षिका को भी निलंबित किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications