तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दी दो परिवारों की खुशियां, दूल्हा समेत 2 की मौत
इलाहाबाद के शास्त्री ब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवक की मौत हो गई। इनमें से एक की शादी होनेवाली थी।
इलाहाबाद। शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुये सड़क हादसे में दो परिवारों की खुशियां छिन गई। सड़क दुर्घटना में दूल्हा व उसके दोस्त की मौत हो गई जबकि एक जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। शुक्रवार 5 मई को यानी कल बारात जानी थी। लेकिन अब जब दूल्हा ही नहीं रहा तो कैसी बारात। एक साथ दोनों घरों के सपने किसी जर्जर मकान की तरह जमींदोज हो गये।

घटना इलाहाबाद के शास्त्री ब्रिज पर हुई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें दूल्हे समेत 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर है।
तिलक समारोह से लौट रहा था घर
इलाहाबाद के त्रिवेणी बांध निवासी अर्जुन सिंह (22) पेशे से हलवाई का काम करता था। अर्जुन अपने मित्र रिशु यादव (20) व विषम यादव (18) के साथ एक तिलक समारोह में खाना बनाने गया था। काम पूरा होने के बाद बाइक से ही वह घर लौट रहे थे। अभी वह शास्त्री ब्रिज पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। रफ्तार तेज होने के कारण हादसा बहुत भीषण हुआ। अर्जुन और विषम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि रिशु को एसआरएन अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

जमकर हुआ हंगामा
दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक व खलासी भाग निकले। लोगो की भीड़ जुटी और परिजन आ गये तो सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया। देखते ही देखते पुल पर चक्काजाम कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
5 मई को होनी थी शादी
अर्जुन की 5 मई को शादी शहर में ही होनी थी। पूरे घर में खुशियां बिखरी थी। रिश्तेदार भी जुटने लगे थे। हर रात गाना बजाना व महिला संगीत हो रहा था लेकिन अचानक से हुये इस हादसे से हर कोई स्तब्ध है। सूचना पर लड़की पक्ष के लोग भी घर पहुंचे। उनके लिये भी यह बहुत बड़ी आपदा सरीखा दर्द है। घटना की सूचना पर लड़की ने खुद को कमरे में कैद कर लिया था। किसी तरह उसे समझा-बुझाकर बाहर निकाला गया।












Click it and Unblock the Notifications