UP में अचानक बदले मौसम से तबाही: खेत में किसानों पर गिरी आकाशीय बिजली, 2 की मौके पर मौत
यूपी में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने लोगों के लिए मुसीबतें खड़ी कर दी हैं। कहीं ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, तो कहीं आंधी में पेड़ गिरने से मौत। सोमवार को शामली जनपद में भी कुदरत का कहर देखने को मिला, जब यहां खेत पर काम कर रहे दो किसानों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
बता दें कि यह हादसा शामली के कैराना नगर अंतर्गत ग्राम रामड में हुआ है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर नई बस्ती ईदगाह निवासी 30 वर्षीय कासिम और घोसाचुंगी निवासी 18 वर्षीय अरशद अफगानान-रामडा रोड़ स्थित खेत पर गोभी काटने का कार्य कर रहे थे। तभी अचानक मौसम खराब होने के कारण बादल गरजने लगे और तेज़ बारिश शुरू हो गई।

इससे पहले की दोनों आसरा ढूंढ पाते, उनके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक मृतक कासिम के दो बच्चे हैं, जिनमें एक 6 वर्षीय लड़की व एक 10 वर्षीय लड़का है। कासिम भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। वहीं अरशद की उम्र महज 18 वर्ष थी और उसकी अभी तक शादी नहीं हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications