सहारनपुर की नकुड़ सीट पर BSP के 2 नेताओं में लगी है टिकट की होड़, गली-गली घूम कर रहे हैं प्रचार
सहारनपुर, जनवरी 21। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब उम्मीदवारों के ऐलान की प्रक्रिया चल रही है। लगभग सभी पार्टियों ने पहले दो चरण के मतदान के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। वहीं जो पार्टियां रह गई हैं, उनमें टिकट पाने के लिए उम्मीदवारों के बीच जबरदस्त होड़ देखने को मिल रही है। इसका एक ताजा उदाहरण इन दिनों सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा सीट पर देखने को मिल रहा है, जहां अभी बीएसपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है और इसीलिए 2 अलग-अलग नेता बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं।

दोनों उम्मीदवार कर रहे हैं चुनाव प्रचार
आपको बता दें कि सहारनपुर की इस सीट पर दूसरे चरण में मतदान होगा, इसलिए बीएसपी ने अभी यहां से उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है, लेकिन टिकट की घोषणा होने से पहले ही दो नेता ये दावा कर रहे हैं कि वो बीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे और ना सिर्फ दावा कर रहे हैं बल्कि बदस्तूर उनका चुनाव प्रचार जारी है। ऐसे में इन दोनों नेताओं ने विधानसभा क्षेत्र की जनता को कन्फ्यूज किया है।
ये दो नेता जनता को कर रहे हैं कन्फ्यूज
नकुड़ सीट से बीएसपी के उम्मीदवार होने का दावा कर रहे दो नेताओं में पहले हैं चौधरी ताहिर हसन। ताहिर सरसावा प्रखंड प्रमुख हैं। वो पिछले कुछ महीनों से विधानसभा क्षेत्र में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वहीं हाल ही में समाजवादी पार्टी को छोड़ बीएसपी में आए साहिल खान भी इस सीट से अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। उनका दावा है कि वो नकुड़ सीट से बीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
खैर इस सीट से बीएसपी का कौन उम्मीदवार होगा ये तो औपचारिक घोषणा के बाद ही पता चलेगा, लेकिन फिलहाल दोनों नेता बीएसपी के झंडे के साथ चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications