बरेली में सुबह हुई लूट की बड़ी वारदात, शाम तक दो बदमाश मुठभेड़ में ढेर
Bareilly news, बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों की मौत हो गई है। इसकी पुष्टि एडीजी प्रेम प्रकाश ने कर दी है। उन्होंने बताया कि दोनों घायल बदमाश की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। मारे गए दोनों बदमाश सोमवार की सुबह हुई लूट की बड़ी वारदात में शामिल बताए जा रहे हैं।

अहलादपुर के पास खेतों में मुठभेड़
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को पुलिस ने ढेर कर दिया है। यह मुठभेड़ बरेली के बड़े बाईपास के अहलादपुर के पास खेतों में हुई है। वहीं बदमाशों से हुई मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ बदमाश बरेली के बड़े बाईपास पर देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान बड़े बाईपास के अहलादपुर के पास मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों को रुकने के लिए कहा गया था।

दो पुलिसकर्मी घायल
तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में दो पुलिसकर्मी गीतेश और प्रवीण गोली लगने से घायल हो गए। साथ ही आमने-सामने की फायरिंग में दो बदमाश भी पुलिस की गोली के शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, जैसे ही बदमाशों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया, तभी दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधिकारी पहुंच गए और बदमाशों को पकड़ने के लिए कॉम्बिंग शुरू कर दी। वहीं कुछ बदमाश भागने में सफल रहे। बताया जाता है कि पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाश सुबह हुई सर्राफ के मुंशी से 15 लाख की लूट में शामिल थे। एडीजी प्रेमप्रकाश ने दो बदमाशों के मारे जाने की पुष्टि की है।

सुबह-सुबह हुई बड़ी वारदात
बरेली में दिन निकलते ही आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश सर्राफ कारोबारी के मुनीम को गोली मारकर 15 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसका उपचार चल रहा है। सुबह-सुबह हुई लूट की इस बड़ी वारदात के बाद एडीजी से लेकर एसएसपी मुनिराज समेत तमाम अफसरों ने मौके पर पहुंचकर सर्राफ कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हुई जिसमें दो बदमाश मारे गए।
ये भी पढ़ें-रायबरेली: मंदिर गेट पर फांसी पर लटकते बाबा केस का पुलिस ने किया खुलासा












Click it and Unblock the Notifications