यूपी: आठ साल की बच्ची से रेप की कोशिश, लोगों ने आरोपी को दी यह सजा
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में आठ साल की मासूम के साथ दुष्कर्म की कोशिश कर रहे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने युवक की जमकर धुनाई की और बाद में उसके सिर पर चौराहा बना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर आरोपित को हिरासत में ले लिया।

घटना मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र के करहल रोड की है। पुलिस की माने तो अस्यौल गांव निवासी राकेश कुमार टेंट लगाने का काम करता है। शनिवार शाम करीब चार बजे पास की ही निवासी आठ साल की बालिका खेलते हुए मैरिज होम में पहुंच गई। राकेश उसे अपने कमरे में ले गया। उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। बालिका के शोर मचाने पर उसकी मां व अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।
राकेश की हरकत देख लोगों में आक्रोश फैल गया है। लोगों ने उसे दबोच लिया। फिर क्या था लोगों ने उसे कड़ा सबक सिखाने की ठान ली। लोगों ने उस्तरे से उसके सिर पर चौराहा बना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में ले लिया। बालिका के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी है। शहर कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications