जानिए, रायबरेली डीएम की फरियादी लड़की से चर्चित शादी के पीछे का सच
रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली के डीएम संजय कुमार खत्री एक बार फिर चर्चा में हैं। पहले वो योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री से तकरार को लेकर चर्चा में आए थे लेकिन इस बार वो अपनी शादी की वजह से लोगों की जुबान पर हैं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वो अपनी शादी को लेकर छाए हुए हैं जिसमें यह कहा जा रहा है कि ऑफिस आई एक फरियादी लड़की से उनको प्रेम हुआ और फिर दोनों ने शादी कर ली लेकिन ये सच नहीं है। इस बात को डीएम संजय कुमार खत्री भी कह चुके हैं और अब दुल्हन के भाई ने खुद सामने आकर बताया है कि लड़की के फरियादी होने की बात में कितनी सच्चाई है?

फरियादी नहीं है लड़की, पुरानी दोस्त है
डीएम संजय कुमार खत्री की शादी जिस लड़की से हुई है, उनका नाम विजयलक्ष्मी है और दोनों एक-दूसरे को बहुत पहले से जानते हैं। इस बात का खुलासा विजयलक्ष्मी के भाई ने भी किया और उन खबरों का खंडन किया जिसमें लड़की को फरियादी बताया जा रहा है। भाई ने बताया कि विजयलक्ष्मी और संजय दिल्ली में आईएएस की साथ-साथ तैयारी करते थे, तबसे दोनों में दोस्ती है।

गाजीपुर में तैनाती के दौरान आए करीब
विजयलक्ष्मी के भाई के मुताबिक, दिल्ली में तैयारी करने के दौरान संजय खत्री का आईएएस में चयन हो गया जबकि विजयलक्ष्मी बाद में फिर गाजीपुर लौट आई। जब संजय खत्री की तैनाती गाजीपुर में की गई थी तो फिर विजयलक्ष्मी से उनकी मुलाकातें होने लगीं। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से दोनों की शादी तय हुई।

गाजीपुर में तैनाती के दौरान चर्चित हुए थे संजय
डीएम संजय खत्री जब गाजीपुर में तैनात थे तो जुलाई में योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर के विरोध के बाद चर्चा में आए थे। ओमप्रकाश राजभर ने डीएम पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की धमकी दी थी जिसके बाद उनका तबादला रायबरेली कर दिया गया था। फरियादी लड़की से शादी करने की चर्चा पर डीएम संजय खत्री ने कहा है कि यह हमारा निजी मामला है। डीएम संजय ने भी यही बात बताई कि विजयलक्ष्मी के साथ उनकी आईएएस की तैयारी करने के दौरान से ही दोस्ती है, वह फरियादी लड़की नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications