UP: आनंद विहार स्पेशल ट्रेन का इंजन हुआ फेल, रेलवे फाटक पर २० मिनट ट्रेन रुकी, यात्री हुए परेशान
बहराइच। दिल्ली से चलकर गोरखपुर जाने वाली आनंद विहार स्पेशल ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आने से ट्रेन जरवलरोड रेलवे स्टेशन के निकट क्रॉसिंग पर रुक गई। 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही जिससे यात्री परेशान रहे। वहीं जरवलरोड-जरवल कस्बा बाईपास मार्ग पर आवागमन ठप रहा। लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। इस दौरान दो एक्सप्रेस ट्रेनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ।

अचानक कंप्रेशर हुआ फेल
दिल्ली से चलकर गोरखपुर जाने वाली आनंद विहार स्पेशल ट्रेन संख्या 04046 दोपहर में लखनऊ गोरखपुर रेल प्रखण्ड पर जरवल रोड रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट पर 11 बजकर 10 मिनट पर पहुंची। जबकि जरवल कस्बा-जरवलरोड बाईपास रेलवे क्रासिंग गेट 11 बजकर 7 मिनट बंद हो चुका था लेकिन जब ट्रेन रेलवे क्रासिंग गेट से गुजर रही थी। तभी इंजन का कंप्रेशर अचानक फेल हो गया।

इंजन में हुई तकनीकी खराबी
इससे ट्रेन रेलवे क्रासिंग गेट पर ही रुक गई। पहले तो लोग कुछ समझ नहीं पाए। बाद में इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला। उधर जरवलरोड-जरवल कस्बा रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के चलते वाहनों की कतारें लग गईं। लोगों को काफी दिक्कतें हुईं।

दो एक्सप्रेस ट्रेनें हुईं प्रभावित
गेट मैन अरविंद कुमार ने बताया कि रेलवे इंजन के कंप्रेशर पैनल में अचानक खराबी आयी। कंप्रेशर बनना बंद हो गया जिससे ट्रेन खड़ी हो गई। तकनीकी खामी को दूर होने के बाद 11 बजकर 30 मिनट के आसपास ट्रेन रवाना हुई। तब रेलवे क्रासिंग गेट खुल सका। इस दौरान जाम की स्थिति बन गई। लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। वहीं गोरखपुर से लखनऊ जाने वाली दो एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित रहीं। वहीं सरयू स्टेशन पर रोकना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications