ताजमहल के ऊपर होटल से विदेशी पर्यटक ने उड़ाया ड्रोन, पुलिस ने पकड़ा
आगरा। ताजमहल की सुरक्षा में सेंध लगा रहे दो पर्यटकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों पर्यटक ताजमहल के साउथ गेट पर राज होटल की छत से ड्रोन उड़ा रहे थे। पर्यटन पुलिस ने होटल के मैनेजर को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। ताज की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने सुबह ताजमहल के पास ड्रोन उड़ता हुआ देखा था।

साउथ गेट पर उड़ा रहे ड्रोन
सुरक्षा में सेंध पर पुलिस और सीआईएसएफ के होश उड़ गए और ड्रोन उड़ाने वालों को ढूंढा जाने लगा। जानकारी पर कुत्ता पार्क पर तैनात पुलिसकर्मियों ने साउथ गेट स्थित होटल राज से उड़ रहे ड्रोन को कब्जे में लिया। पुलिस ने 2 पर्यटकों के साथ में होटल मैनेजर को भी पकड़ा है। तीनो से पुलिस पूछताछ कर रही है।

फिलीपींस और केरल के पर्यटक
पकड़े गये पर्यटकों में एक फिलीपीन्स और दूसरा केरल का बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में विदेशी पर्यटक ने जानकारी न होने और होटल वालों से परमिशन की बात कही है। ताजमहल के आसपास 500 मीटर की परिधि में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध है। जानकारी न होने और प्रशासन की लापरवाही के चक्कर में आये दिन यहां ऐसी वारदातें हो रही हैं। एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि दोनों पर्यटकों सहित होटल मैनेजर को हिरासत में लिया गया है। पर्यटक ताजगंज के राज होटल की छत से ड्रोन उड़ा रहे थे। दोनों पर्यटक थाना रकाबगंज स्थित बालूगंज के सन होटल में ठहरे हुए थे.। दोनो पर्यटकों से पुलिस पूछताछ कर रही है पूछताछ के बाद कार्रवाई की जायेगी।

एसपी सिटी ने बताया
कुंवर अनुपम सिंह, एसपी सिटी आगरा ने बताया कि एक मामला संज्ञान में आया है जिसमें होटल की छत पर चढ़कर पर्यटकों ने ड्रोन उड़ाने का प्रयास किया था। समय रहते उस ड्रोन को ट्रेस किया गया और पकड़ लिया गया। जो ड्रोन उड़ाने वाले हैं और जो होटल स्टाफ हैं, उसको थाने पूछताछ के लिए लाया गया है। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications