15 अगस्त पर लगा लिया था तिरंगा, रोक ली गई बस
जब ड्राइवर से तिरंगे के सम्मान करने के बिंदुओं की जानकारी पूछी गई तो उसने बताया कि वो नियम तो नहीं जानता लेकिन स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उसने ये तिरंगा लगाया था, तब से ही लगा हुआ है।
संभल। राष्ट्रीय ध्वज देश की शान है लेकिन ध्वज का सम्मान करने के भी अलग नियम हैं। तिरंगा हमेशा खुले आसमान के नीचे फहराया जाता है जिससे देश की शान बढ़ती रहे लेकिन कुछ लोग ध्वज सम्मान करना नहीं जानते और तिरंगा लगाये फिरते हैं। निजी वाहनों पर लगे तिरंगे ज्यादातर अपमानित हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का सामने आया है। जहां देश के जिम्मेदार लोगों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। निजी बस के बोनट पर लगे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान पर लोगों में गुस्सा देखने को मिला और चालक, परिचालक को इसके लिए जमकर खरी-खोटी सुनाई गई।

चालक, परिचालक के माफी मांगने के बाद बस को जाने दिया गया। गुरुवार को चंदौसी के मौलागढ़ में उस समय लोगों की भीड़ जमा हो गई जब एक निजी बस की बोनट पर तिरंगे की फटी हालत देखी गई। बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुरेश पाल सैनी के बेटे बलवीर सैनी ने बस को रोक लिया और तिरंगे के हो रहे अपमान को लेकर चालक, परिचालक को जमकर खरी-खोटी सुनाई। तिरंगे के अपमान की सूचना पर दर्जनों लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ का उत्तेजित रूप देख ड्राइवर ने माफी मांगनी शुरू कर दी।

जब ड्राइवर से तिरंगे के सम्मान करने के बिंदुओं की जानकारी पूछी गई तो उसने बताया कि वो नियम तो नहीं जानता लेकिन स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उसने ये तिरंगा लगाया था, तब से ही लगा हुआ है। तिरंगा कब और कैसे लगाया जाता है इसकी जानकारी नहीं थी। भीड़ ने बस ड्राइवर और कंडक्टर को सख्त हिदायत देते हुए जाने दिया।












Click it and Unblock the Notifications