इलाहाबाद: दुल्हन की डोली उठने से पहले उठी देवर समेत 3 की अर्थी
इस हादसे में दुल्हे के मौसेरे भाई समेत तीन की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में कई लोग झुलस गए। दुख के बीच शादी की रस्म अदायगी हुई।
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद के कोरांव इलाके में शादी समारोह की खुशियों के बीच हृदय विदारक घटना हुई। दुल्हन की डोली उठने से पहले तीन बारातियों की अर्थी उठी। दरअसल डीजे में करंट उतर आने से दर्जनों लोग झुलस गये। काल बनकर करंट ने तीन जिंदगियां निगल ली। घटना में दूल्हे के मौसेरे भाई सहित 3 लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जन भर लोग घायल हैं । पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है जबकि आंसुओ और करुण वेदना के बीच किसी तरह रस्म अदायगी कर विदाई हुई।

जिसने भी देखा हादसा, कांप उठा कलेजा
घटना कोरांव थाना क्षेत्र के भरथीपुर उर्फ मानपुर गांव में हुई । यहां तेरसू गुप्ता के घर मिर्जापुर से भैरव पुत्र लल्लू प्रसाद की बरात आई थी। रात लगभग 10 बजे द्वारपूजा की तैयारी चल रही थी। बराती डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। हर कोई झूम रहा था। जश्न उफान पर था । नाचते गाते हुये बाराती दुल्हन के घर पहुंचने वाले थे कि अचानक हड़कंप मच गया । 11 हजार वोल्टेज का तार डीजे से छू गया। दर्जनों लोग करंट की चपेट में आकर झुलसने लगे। तार से चिंगारी मानो बारिश की तरह गिरने लगी। जो भी चपेट में आया झटके खाने लगा। चीख-पुकार मच गई । दहशत के चलते लोग भागने लगे। लड़की पक्ष को सूचना मिली तो बदहवास लोग घटनास्थल की ओर भागे। जब तक मदद पहुंची और लाइट काटी गई । तब तक काल के गाल में तीन जिन्दगी समा गई थी।

इस हादसे में इनकी हुई मौत
इस घटना में दर्जनभर से ज्यादा लोग झुलस गये हैं। जबकि तीन की मौत हुई है। दूल्हे के मौसेरे बहनोई जगदीश गुप्ता (32) के अलावा रोड लाइट माथे पर रखे मजदूर विंध्यवासिनी प्रसाद (45) और नीरज आदिवासी (18) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिजली विभाग की लापरवाही
घटना में विद्युत विभाग की लापरवाही साफ नजर आ रही है। लड़की पक्ष ने शादी की जानकारी देते हुये जर्जर और झूलते तार को ठीक करने के लिए बिजली विभाग में शिकायत की थी, लेकिन विभाग के कर्मचारियों के कान में जूं तक नहीं रेंगी जिसका नतीजा सामने है। काश कि विभाग थोड़ी सी जिम्मेदारी निभाता तो न सिर्फ तीन जिंदगियां बचती बल्कि कई परिवारों की खुशियां भी न छिनती।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद एसडीएम कोरांव कुलदेव सिंह व सीओ मेजा रविशंकर प्रसाद घटना स्थल पर पहुंचे। मौके पर बिजली विभाग की लापरवाही स्पष्ट थी। मामले में एसडीएम ने जांच के आदेश दिये है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी जबकि इंस्पेक्टर कोरांव कृष्णपाल सिंह ने बताया कि कोई तहरीर मिलेगी तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

शोक के बीच हुई शादी की रस्म
शादी की रस्म अदायगी भले ही चलती रही लेकिन आंसुओं के बीच मानो कोई मातम चल रहा हो। घटना से खुशियां काफूर हो चली थी तो जितनी जल्दी हो सका रस्म की खानापूर्ति की गई । ग्रामीण, रिश्तेदार, परिवार, बच्चे, महिलाये हर कोई गमजदा दिखा। पहले तो दुल्हन की विदाई न करने की सहमति हुई। पर बाद में बुजुर्गों के हस्तक्षेप से विदाई कराई गई।












Click it and Unblock the Notifications