मथुरा जंक्शन पर चोरों का आतंक, चोरी का तरीका देख पुलिस भी हैरान, यात्रियों के जेब से ऐसे गुम हो रहे फोन
हजारों श्रद्धालु रोजाना मथुरा में भगवान बांके बिहारी और राधा रानी सरकार के दर्शन के लिए आते हैं। इसके लिए उन्हें मथुरा जंक्शन पर उतरना पड़ता है। दर्शन के बाद फिर यहीं से ट्रेन मिलती है। ट्रेन पकड़ने के लिए अक्सर लोगों को थोड़ा इंतजार भी करना पड़ता है। लेकिन मथुरा जंक्शन पर जो दृश्य सामने आया है, उसे देखकर जीआरपी भी हैरान हैं।
इस स्टेशन पर चोरों का आतंक है। चोरों का चोरी करने का तरीका बिल्कुल अलग है। ऐसा तरीका देखकर पुलिस भी आश्चर्य में पड़ गई। दरअसल हुआ ये कि मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस को पिछले कुछ दिनों में यात्रियों से चोरी की कई शिकायतें मिलीं। कई यात्रियों ने फोन और कीमती सामानों के गुम होने की सूचना दी।

स्टेशन के जीआरपी प्रभारी संदीप तोमर ने मामले की जांच की तह तक गए। स्टेशन परिसर में लगे कई कैमरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज देखने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई। कैमरे में साफ देखा जा रहा है कि चोर बड़ी चालाकी से सो रहे यात्रियों के पास आकर सो जाता है। फिर इधर-उधर देखने लगता है कि कोई उसे देख तो नहीं रहा। जब सब कुछ ठीक लगता है तो सो रहे यात्रियों के पास लेटकर उसके जेब से मोबाइल या पर्स निकाल लेता है।
इसके बाद वह वहां से भाग जाता है। फिर दूसरी जगह जाकर सो रहे अन्य यात्रियों के पास जाकर लेट जाता है। ये सिलसिला जारी रहता है। सो रहे यात्रियों की जेब से बड़ी फुर्ती से कीमती सामान निकाल लेता है। यात्रियों को बाद में इसके बारे में पता चलता है। पुलिस भी चोरों की इस तरकीब देखकर आश्चर्य में पड़ गई। क्योंकि, चोर अक्सर सामान लूटकर भाग जाता है।
हालांकि, मथुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरों की पहचान हो गई है। रेलवे पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। एटा जिले के निवासी इक्कीस वर्षीय अवनीश सिंह को कल गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications