बहराइच: जानलेवा बना बाइक पर 4 लोगों को बैठाकर चलाना, 3 की दर्दनाक मौत
बहराइच। बहराइच-रुपईडीहा हाइवे पर शनिवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतकों के घर व गांव में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बाइक पर थे 4 सवार
नानपारा कोतवाली अंतर्गत अगैय्या निवासी वीरेंद्र (26) पुत्र त्रिभुवन वर्मा, जियाउद्दीन (22) पुत्र मोहम्मद शेर, मुनीर (20) पुत्र महमूद अली और रुपईडीहा थाना क्षेत्र के चिकनिया निवासी दिलीप वर्मा (25) पुत्र पहलवान शनिवार सुबह 11 बजे बाइक पर सवार होकर रुपईडीहा जा रहे थे। मुनीर बाइक चला रहा है। जबकि अन्य तीन पीछे बैठे हुए थे।

तेज रफ्तार में थी बस
चारों युवक बहराइच-रुपईडीहा हाइवे पर मलंगपुरवा गांव के मोड़ के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ( एचबी 11 ए 5090) ने बाइक को टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही मुनीर व दिलीप की मौत हो गयी। जबकि जियाउद्दीन ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा है। वीरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

बस चालक फरार
हादसे के बाद चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। नानपारा पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व बस को कब्जे में लिया है। कोतवाल जेएन शुक्ला ने बताया कि इस बाबत अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications