सपा नेता के भतीजे ने छात्रा को टांग फंसाकर गिराया, आंसू निकले तो ठहाके लगाकर हंसे
छात्राएं जब उसके बगल से गुजरी तो धर्मेंद्र ने एक छात्रा के पैर में अपना पैर फंसा दिया, जिससे छात्रा गिर पड़ी।
इलाहाबाद। हॉस्टल की छात्राओं से सपा नेता के भतीजे ने पहले तो छेड़खनी की और विरोध पर अपने साथियों संग उनके कमरे में घुस गया। इसके बाद जमकर दबंगई करते हुए मारपीट की और बवाल करने लगा। सूचना पर पुलिस भी पहुंची लेकिन चाचा के दम पर भतीजे का ट्रेलर जारी रहा। बीच-बचाव में एक कांस्टेबल भी घायल हो गया। जिसके बाद मामला बढ़ गया। मामले में छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। लेकिन दबाव में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। सोमवार को जब कॉलेज खुला तो कप्तान और डीएम ने खुद कॉलेज पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की और सुरक्षा का आश्वासन दिलाते हुए पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी।

दबंगई से परेशान छात्राएं
मामला कौशांबी के सदर कोतवाली का है जहां रविवार की देर शाम ये बवाल हुआ। यहां टेवा इलाके में महामाया पॉलीटेक्निक कॉलेज है। इस कॉलेज का हॉस्टल अभी निर्माणाधीन है। जिसके चलते हॉस्टल एलॉट होने के बावजूद छात्राएं किराए पर कमरा लेकर रहती हैं। रविवार की देर शाम छात्राएं नाश्ता करने के लिए चौराहे की दुकान पर गई थी। वहां मौजूद सपा नेता और सपा के पूर्व प्रत्याशी शिवमोहन चौधरी का भतीजा धर्मेंद्र अपने साथी रोहित और संदीप के साथ बैठा था। छात्राएं जब उसके बगल से गुजरी तो धर्मेंद्र ने एक छात्रा के पैर में अपना पैर फंसा दिया, जिससे छात्रा गिर पड़ी। छात्रा चुपचाप उठकर खड़ी हुई तो धर्मेंद्र ने फिर से अपना पैर छात्रा के पैर में फंसा दिया। छात्रा ने विरोध किया तो और आंसू बहाते हुए वापस कमरे पर लौट गई। अपनी इस जीत पर धर्मेंद्र और उसके साथी ठहाके लगाते रहे। लेकिन अफसोस दुकान पर मौजूद कोई भी इस दबंगई और छिछोरी हरकत का विरोध न कर सका।

लोगों का कहना है कि इन शरारती मनचलों का ये आए दिन का खेल है। पहले तो छींटाकशी तक सीमित थे। लेकिन इनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। जिससे छात्राएं परेशान रहती हैं, इलाके में दबंगई के चलते इनका कोई विरोध नहीं करता और छात्राएं बाहर से आई हैं तो कोई खुलकर कुछ करना भी नहीं चाहता।
छात्रों ने धर्मेंद्र को पीटा
घटना की जानकारी छात्रा ने हॉस्टल के छात्रों को दी तो दर्जनों की संख्या में दुकान पर पहुंचे छात्रों ने धर्मेंद्र और उसके साथियों को पीटकर सबक सिखाया। बीच चौराहे बेइज्जत होने पर धर्मेंद्र घर पहुंचा और दबंग चाचा और उनके साथियों संग वापस लौटा। धर्मेंद्र सीधे छात्राओं के कमरों पर पहुंचा और दरवाजा खुलते ही अंदर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। छात्राओं ने मदद के लिए शोर मचाया तो मकान मालिक व मोहल्ले के लोगों के साथ छात्र फिर से इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गई। मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई।
क्या कह रही है पुलिस?
मामले में इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर धर्मेंद्र, रोहित, संदीप समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। मामले से अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications