बदमाशों ने दरोगा को उतारा मौत के घाट, पिस्टल लेकर हुए फरार
युवक ने सड़क पर खड़ी बाइक और किनारे पड़ी लाश को देखा तो तत्काल इसकी सूचना दी जिसके बाद हड़कंप मच गया।
बिजनौर। बेखौफ बदमाशों ने एक सब इंस्पेक्टर को मौत के घाट उतार दिया है, और तो और दरोगा की पिस्टल लेकर भी फरार हो गए। यूपी के बिजनौर में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने दरोगा की गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक दरोगा मंडावर थाने के बालावाली चौकी इंचार्ज के पद पर तैनात था।

बता दें कि शहजोर सिंह मलिक की बदमाशों ने गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव सड़क किनारे खेत में फेंककर उनकी पिस्टल लेकर फरार हो गए। बताया जाता है कि वो ड्यूटी पर तैनात थे। एक युवक की नजर सड़क किनारे खड़ी बाइक पर पड़ी तो उसने ग्रामीणों को जानकारी दी। वहीं दरोगा का शव सड़क किनारे खेत में पड़ा था। गर्दन और अंगुली कटी हुई थी, शरीर पर चोट के कई निशान थे।

घटना की सूचना मिलते ही डीएम जगतराज और एसपी अतुल शर्मा कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि शहजोर सिंह मलिक चौकी पर बने आवास में रहते थे जबकि उनका परिवार मेरठ के कंकडखेड़ा में बाईपास पर रहता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी घटना की जांच में जुट गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications