यूपी में स्कूल में पढ़ने गए बच्चे से कराया गया कीटनाशक का छिड़काव, वीडियो हुआ वायरल
शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में एक बार फिर सरकारी स्कूल के शिक्षकों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शामली के गांव मंडावर में शिक्षक ने बच्चों से ही स्कूल परिसर में जहरीली दवा का छिड़काव करा डाला। एक ग्रामीण ने शिक्षक की करतूत की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद डीएम ने बीएसए को मामले की जांच कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिए है।

सरकारी स्कूलों में तैनात शिक्षक बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर गंभीर नहीं हैं। ताजा उदाहरण जनपद शामली की कैराना तहसील के गांव मंडावर के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो का है। जहां कई दिनों की लगातार बारिश के बाद पैदा होने वाले कीड़े मकोड़ों से बचाव के लिए कीटनाशक दवाई भेजी गई थी। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शिक्षकों को स्कूल परिसर में कीटनाशक दवाईयों का छिड़काव करना था, लेकिन यहां शिक्षकों ने भारी लापरवाही बरतते हुए स्कूल में पढ़ने वालों बच्चों को ही स्प्रे मशीन थमा दी।
कक्षा पांच के बच्चे ने खुद ही कीटनाशक को मिलाया और स्प्रे मशीन से पूरे स्कूल परिसर में छिड़काव किया। शिक्षक की करतूत देख एक ग्रामीण ने बच्चे की कीटनाशक छिडकते हुए वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद जनपद के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। इतना ही नहीं स्कूल के बच्चों ने बताया कि मिड-डे-मील के नाम पर बच्चों को सिर्फ सोमवार के दिन खिचड़ी दी जाती है, इसके अलावा पूरे सप्ताह बच्चों को कुछ नही मिलता। वीडियो का संज्ञान लेते हुए डीएम इंद्रविक्रम सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मामले में जांच कर अरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए है।












Click it and Unblock the Notifications