Bareilly: बरेली में माहौल बिगाड़ने की कोशिश, कांवड़ियों पर पथराव, भारी पुलिस बल तैनात
Bareilly Kanwariya News: सावन के महीने में शिव भक्तों के अंदर कांवड़ लाने की होड़ मची हुई है। ऐसे में उत्तराखंड से लेकर यूपी सहित देशभर में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। इस बीच यूपी के बरेली में सावन के तीसरे सोमवार से पहले रविवार को माहौल खराब करने की कोशिश की गई है।
जानकारी के मुताबिक बरेली के वनखंडी नाथ मंदिर के पास रविवार दोपहर को अराजकतत्वों ने कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव कर दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया।

शिव भक्तों पर पथराव और अफरा-तफरी की घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो गया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। पथराव के बाद कांवड़ियों में आक्रोश है। फिलहाल इलाके में शांति बनाने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
स्थानीय सूचना के मुताबिक रविवार दोपहर को कांवड़ियों का जत्था वनखंडी नाथ मंदिर जा रहा था। कथित तौर पर इसी बीच 50-60 लोगों की भीड़ ने कांवड़ियों पर पथराव कर दिया। बता दें कि बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा स्थित वनखंडी नाथ मंदिर शहर के प्रमुख नाथ मंदिरों में से एक है। जहां भारी संख्या में कांवड़िए जल चढ़ाने पहुंचते हैं।
मेरठ में हुआ था दर्दनाक हादसा
इससे पहले 15 जुलाई को एक दर्दनाक हादसा पेश आया था, जब कांवड़ियों के ट्रक में करंट फैल गया, जिससे 5 शिवभक्तों मौत हो गई थी। घटना के अनुसार ट्रक 11केवी पावर लाइन के संपर्क में आ गया था। हादसा मेरठ में भवनपुर राली चौहान गांव के करीब हुआ।












Click it and Unblock the Notifications