कुछ यूं हुआ मुस्लिम वोटों का बंटवारा और लहराया भगवा झंडा
मुस्लिम वोटबैंक में बंटवारे के चलते यूपी में भाजपा को मिला बड़ा फायदा, दो दर्जन से अधिक मुस्लिम सीटों पर भाजपा ने दिखाया दम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चुनाव में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत हासिल हुआ है उसके पीछे की एक बड़ी वजह यह है कि यहां अल्पसंख्यक वोटर अपने मत को लेकर काफी संशय में था। यूपी में मुस्लिम मतादाता इस बात का फैसला करने में विफल रहे कि वह भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए किस दल को वोट दें, एक तरफ जहां बसपा ने 100 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया तो दूसरी तरफ सपा ने मुस्लिम वोटरों को अपनी ओर करने के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन किया, जिसने मुस्लिम मतदाताओं को पूरी तरह से भ्रमित किया।

कई मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में भाजपा को हुआ फायदा
दो दर्जन से अधिक सीटों पर मुस्लिम वोटों का बंटवारा हुआ जिसका सीधा फायदा भारतीय जनता पार्टी को हुआ, यहां तक कि मुजफ्फरनगर जैसे सांप्रयादिक ध्रवीकरण के शिकार जिले में भी मुस्लिम इस बात का फैसला नहीं कर सके कि वह अपना मत किस दल को दें। मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बरेली, बिजनौर, मेरठ के सरधना, गोरखपुर के खलीलाबाद, अंबेडकर नगर के टांडा, श्रावस्ती के गैनसरी, मुरादाबाद जहां मुस्लिम आबादी काफी अधिक थी वहां भी भाजपा को बड़ी जीत हासिल हुई है।

मीरपुर में भी भाजपा की जीत
मुजफ्फरनगर के मीरपुर में भी भाजपा को जीत मिली है जोकि 2013 में मुजफ्फरनगर के दंगों का केंद्र था। यूपी में जिस तरह से तीन बड़े दल मैदान में थे उसमें सपा ने भाजपा की आंधी में अपनी 193 सीटें गंवा दी, भाजपा के अवतार सिंह को 69,035 वोट मिले, जबकि सपा के लियाकत अली को 68,842 और बसपा के नवाजिश आलम खान को 39, 689 वोट मिले।

वोटों के बंटवारे का भाजपा को हुआ फायदा
सरधना में भाजपा के उम्मीदवार और पार्टी के हिंतुत्व छवि के फायरब्रांड नेता संगीत सोम को सपा के उम्मीदवार अतुल प्रधान और बसपा के उम्मीदवार इमरान कुरैशी से कड़ी चुनौती मिली, यहां भी कुरैशी और प्रधान के बीच वोटों का बंटवारा हुआ, जिसका फायदा सीधे भाजपा को मिला। सोम को यहां कुल 97,921 वोट मिले, जबकि प्रधान को यहां 76, 296 वोट हासिल हुआ। लेकिन इमरान कुरैशी को यहां सिर्फ 57, 239 वोट मिले। कुछ यही देवबंद में भी देखने को मिला, जहां 1.25 लाख मुस्लिम मतदाता हैं, यहां कुल 50 फीसदी मतदान हुआ और भाजपा उम्मीदवार को जीत हासिल हुई।

कई मुस्लिम उम्मीदवारों का मैदान में होना बड़ी वजह
यूपी मे मुस्लिम मतदाताओं के बीच संशय और वोटों के बंटवारे का भाजपा को जबरदस्त फायदा मिला, सपा के मविया अळी और बसपा के माजिद अली को भाजपा के कुंवर बृजेश ने हराया और 1,02,244 वोट हासिल किए, जबकि माजिद अली को 72,844 वोट मिले, मौजूदा विधायक मविया अली को सिर्फ 55, 385 वोट मिले। कंथ विधानसभा सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है यहां 2012में अनीसुर्रहमान ने जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार सपा, बसपा, एआईएम, पीस पार्टी के मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में थे जिसके चलते यहां अनीसुर्रहमान महज 2, 348 वोट से हार गए। जबकि भाजपा के राजेश कुमार को 76, 307 वोट हासिल हुए, बसपा के मोहम्मद नासिर को 43, 820 वोट मिले, एआईएमके फैजुल्ला चौधरी को 22, 908 वोट, पीस पार्टी के उम्मीदवार को 13, 931 मिले।












Click it and Unblock the Notifications